मुख्यमंत्री ने लुधियाना में 951 ईटीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे
Punjab CM News (आज समाज), लुधियाना : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के समग्र विकास के लिए अथक परिश्रम कर रही है, जिसके लिए योग्य युवाओं की आवश्यकता है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पंजाब सरकार ने व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया है ताकि राज्य को विकास की नई दिशाओं में अग्रसर किया जा सके। मान लुधियाना में नव नियुक्त ईटीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कही। मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त शिक्षकों से शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाकर राज्य में शिक्षा क्रांति के दूत के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य की समग्र शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी, क्योंकि ये शिक्षक शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक शिक्षक के बेटे हैं और भली-भांति जानते हैं कि शिक्षक राष्ट्र निमार्ता होते हैं, जो विद्यार्थियों को अधिकारी, इंजीनियर, डॉक्टर और अन्य नेता बनने के लिए तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षक अत्यधिक योग्य और सक्षम हैं, लेकिन पिछली सरकारों ने उन्हें कुछ गैर-शैक्षणिक कार्यों में भी लगा दिया था। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि शिक्षकों की सेवाओं का उपयोग केवल शिक्षण कार्यों के लिए ही किया जाए।
हमने सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदली
उन्होंने कहा कि पहले स्कूल खाली रहते थे, लेकिन स्कूलों के सामने पानी की टंकियों पर शिक्षक धरना देते थे, क्योंकि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। हालांकि, उनकी सरकार ने युवाओं को नौकरियां देकर इस प्रवृत्ति को बदल दिया है, जिससे अब शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं और राज्य के विकास में अहम योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य की जमीनी हकीकत से अनजान कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़े-लिखे नेताओं ने इस महत्वपूर्ण क्षेत्र की अनदेखी कर दी थी, जिससे पंजाब विकास की दौड़ में पीछे रह गया था।
मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करें ताकि वे अपने लिए उपयुक्त करियर का चयन कर सकें। उन्होंने शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने और विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनने की सलाह दी, जिससे वे भी जीवन में उच्च मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें तो लोग उन्हें उनके अच्छे कार्यों के लिए हमेशा याद रखेंगे।
ये भी पढ़ें : Punjab Farmer Protest : पंजाब पुलिस ने हटाए किसान, आज खुलेगा शंभू बॉर्डर