सुबह के समय प्रदेश के कुछ इलाकों में हुई बारिश
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा में गुरुवार शाम के समय से ही कुछ जिलों में बारिश व ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। वहीं शुक्रवार रात को भी हिसार व कुरुक्षेत्र के कुछ इलाकों में बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही है। जिस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने हरियाणा के अधिकतर जिलों मे आज भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्की बारिश भी हुई है।
आसमान में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने 16 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील रहने और उसके बाद आंधी और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। शुक्रवार की बात करें तो होली के दिन हरियाणा के 10 जिलों में बारिश हुई। पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद के टोहाना, जींद के उचाना, नूंह, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और झज्जर में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। इसके अलावा नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम में आंधी के साथ हल्की बारिश देखने को मिली।
ओलावृष्टि से फसलें हुई बर्बाद
वहीं दो दिन पहले गुरुवार को फरीदाबाद, रेवाड़ी, चरखी दादरी और नूंह में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। ओलावृष्टि से सब्जियां, चना और सरसों जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather : दिल्ली के लोगों को बारिश से मिली गर्मी से राहत