यमुनानगर: महिला ने ससुर व दो देवरों पर लगाया दुष्कर्म करने का आरोप

0
325

प्रभजीत सिंह (लक्की),  यमुनानगर:
सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने गोहाना निवासी अपने ससुर तथा दो देवरों पर उसके साथ दुष्कर्म करने तथा अन्य लोगों से पैसे लेकर उसके साथ गलत काम करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच के बाद चार आरोपितों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2015 में उसकी शादी गोहाना निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। वह पोलियो ग्रस्त है। उसका पति ट्रक चलाने का काम करता है और वह कईं-कईं दिन बाद घर आता है। शादी के बाद से ही उसका ससुर नूर हसन, देवर सद्दाम व मीर हसन उस पर गलत नजर रखते थे। उसके पति के काम पर जाने के बाद तीनों आरोपित उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाते थे। इतना ही नहीं आरोपित दूसरे लोगों से पैसे लेकर उन्हें उसके कमरे में भेज देते थे। जिसके बाद अन्य लोग भी उसके साथ संबंध बनाते। उसने इस बारे अपनी सास मोंती का बताया। मगर उसकी सास ने भी उसकी एक न सुनी ।

जब उसका पति घर आया तो उसने अपने पति को इस संबंध में बताया। जब उसके पति ने आरोपितों से बात की तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उन सब को घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह यमुनानगर के एक गांव में आकर रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि 23 जून को आरोपित सद्दाम व मीर हसन उसके घर आए। उस समय उसका पति घर पर नहीं था। इस दौरान दोनों आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने लगे। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्हें आता देखकर आरोपित वहां से भाग गए। परेशान होकर उसने आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चार आरोपितों को नामजद करते हुए तथा अन्य के खिलाफ धारा 120 बी, 323, 376 डी व 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।