(Yamunanagar News) यमुनानगर। व्यवस्था जांचने के लिए नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा (आईएएस) ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त निगम आयुक्त ऑफिस, टैक्स ब्रांच, परिवार पहचान पत्र डेस्क, आईटी लैब, शिकायत कक्ष, स्थापना शाखा, नागरिक सुविधा केंद्र, सहायक नगर योजनाकार समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निगमायुक्त सिन्हा ने कार्यालय में आए शहरवासियों से बातचीत की और संबंधित अधिकारियों को उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शहरवासी को अपने काम के लिए बार बार भटकना न पड़े। न ही उन्हें कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े। इसलिए कर्मचारी उनका कार्य समयबद्ध तरीके से करें। उनके कार्य के लिए जिन भी दस्तावेजों व अन्य कागजात की जरूरत है तो वह एक बार में ही मंगवा लें। बार बार किसी भी शहरवासी का चक्कर न लगवाएं।
अधिकारियों को कार्यालय में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लेकर समाधान कराने के दिए निर्देश
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा मंगलवार को सबसे पहले अतिरिक्त निगम आयुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां तैनात कर्मियों से बातचीत की। इसके बाद नगर निगम कार्यालय के हाल में बनाए परिवार पहचान पत्र डेस्क पर पहुंचे। यहां परिवार पहचान पत्र संबंधित समस्या लेकर पहुंचे शहरवासियों से बातचीत की। उनकी समस्या सुनकर जेड क्रिम कर्मचारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए। यहां से निगमायुक्त सिन्हा आईटी लैब पहुंचे। यहां तैनात कर्मियों से कंप्यूटर व विभिन्न पोर्टल के बारे में अपडेट ली। इसी तरह शिकायत कक्ष में पहुंचे।
यहां तैनात कर्मियों से लोगों की शिकायतों को सही तरीके से लेने और उनका निर्धारित समय पर निपटान कराने के निर्देश दिए। यहां से नगर निगम आयुक्त सिन्हा स्टोर रूम पहुंचे। यहां कर्मचारियों को पूरा सामान व्यवस्थित तरीके से रखने और हर सामान का डाटा रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अनुभाग शाखा, नगर योजनाकार ऑफिस का जायजा लिया। नगर योजनाकार ऑफिस में कुछ लोग निगम चुनाव को लेकर एनओसी लेने पहुंचे थे। जिनसे निगमायुक्त सिन्हा ने बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी।
निगम आयुक्त ने सहायक नगर योजनाकार को निर्देश दिए कि एनओसी से संबंधित जो जो दस्तावेज जरूरी है, वह लिए जाएं। इसके बाद निगम आयुक्त नागरिक सुविधा केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने केंद्र के कर्मियों को टोकन प्रणाली से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरवासियों को भी टोकन प्रणाली से नागरिक सुविधा केंद्र में अपना कार्य करवाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपना काम निर्धारित समय पर सुचारू ढंग से करें। कार्यालय में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समय पर समाधान करें। पेंडिग पड़ी शिकायतों और कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें।
यह भी पढ़ें: Poco X7 और X7 Pro लॉन्च जानें इसके धांसू फीचर्स और कीमत
यह भी पढ़ें: Kurukshetra News: कक्षाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का किया आयोजन