(Yamunanagar News) यमुनानगर। संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत के तीसरे चरण के तहत “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” मुहिम के अंतर्गत पश्चिमी यमुना नहर के किनारे बाडी माजरा पुल से लेकर ग्रे पेलिकन रेस्ट हाउस तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत यमुना नहर के घाट व आसपास की सफाई की गई जिसमें निरंकारी सेवादल के सैकड़ों भाई -बहनों से स्वेच्छा से नहर के घाटों की सफाई की गई और यमुना के घाटों पर पड़े पॉलिथीन कचरे आदि को वहां से उठाया और निगम और निरंकारी मिशन द्वारा भेजी गई ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया गया।

निरंकारी स्वयंसेवकों ने प्रोजेक्ट अमृत के तहत की यमुना नहर के घाटों की सफाई

संयोजक बलदेव सिंह ने बताया कि निरंकारी मिशन द्वारा हर साल निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी के जन्मदिवस पर सफाई व जल संरक्षण अभियान चलाया जाता है। इस अभियान के तहत 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1650 से अधिक स्थानों पर 10 लाख से भी अधिक सेवा भाव से ओत-प्रोत स्वयंसेवक भक्तों ने एक साथ इस पुनीत अभियान को साकार किया। यह दृश्य केवल प्राकृतिक स्वच्छता तक सीमित न रहकर, अंतर्मन को निर्मल और पवित्र करने की एक आध्यात्मिक यात्रा का सुंदर प्रतीक बन गया। प्रत्येक श्रद्धालु की समर्पित उपस्थिति इस बात का प्रमाण थी कि जब प्रेम, सेवा और समरसता का दिव्य संगम होता है, तब प्रकृति भी नवजीवन का अनुभव करती है।

उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी के जन्मदिवस को समर्पित इस पुनीत सेवा अभियान में हर संत को जल संरक्षण की दिशा में योगदान देने का अवसर मिला। यह पहल न केवल घाटों और जलस्रोतों की स्वच्छता पर केंद्रित थी, बल्कि घरों में छोटी-छोटी आदतों के माध्यम से जल बचत को भी प्रोत्साहित करती है जिससे जल का सम्मान हो और यह अमूल्य संसाधन आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रह सके। पर्यावरण सुरक्षा के अंतर्गत जल संरक्षण में अपनी सकारात्मक सक्रिय भूमिका निभाने हेतु ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन (जीईईएफ) ने संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (एसएनसीएफ) को प्रतिष्ठित वाटर कंजर्वेशन इनिशिएटिव एनजीओ ऑफ द ईयर 2025 पुरस्कार से सम्मानित किया। यह गौरवपूर्ण सम्मान फाउंडेशन के प्रोजेक्ट अमृत – स्वच्छ जल, स्वच्छ मन और इसकी विविध जल संरक्षण एवं स्वच्छता पहलों के प्रति अथक समर्पण का प्रतीक है। निसंदेह जल संसाधनों की शुद्धता और सतत संरक्षण में फाउंडेशन द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रयास समाज को स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S25 Edge फ्लैट डिजाइन के साथ ये बेहतरीन फीचर्स