Yamunanagar news : पथ संचलन में स्वयं सेवकों ने कदम से कदम मिलाकर दिया एकता का संदेश

0
157
volunteers-marched-step-by-step-and-gave-the-message-of-unity

(Yamunanagar news) यमुनानगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रणजीतपुर में पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आदिबद्री खंड के 120 स्वयं सेवकों ने भाग लिया। स्वयं सेवकों को संघ के जिला कार्यवाह राकेश नंदगढ व सह जिला कार्यवाह भूपेश का सानिध्य प्राप्त हुआ।

राकेश नंदगढ ने कहा कि यह कार्यक्रम समरसता का भाव, कदम से कदम मिलाकर चलना, सब को साथ लेकर चलने का भाव पैदा करता है । आजादी के बाद पिछले 75 वर्षाे में देश ने दिन दुगनी रात चौगुनी उन्नति की है। आज देश अन्न, दुग्ध सहित अन्य क्षेत्र में स्वावलंबी बन चुका है। आज भारत विश्व में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था है। देश की भौगोलिक सीमाओं में सांस्कृतिक सीमाएं बनी हुई है।

भारत को हिंदू राष्ट्र इसलिए कहा जाता है क्योंकि यहां पर जोडने वाले तत्व विद्यमान है। महात्मा बुद्ध के श्रद्धा स्थलों का पुनः निर्माण किया जा रहा है। भारत की पद्धति योग को पूरी दुनिया में स्थान दिलवाया। गुरू गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना करते हुए पूरे देश से पंच प्यारों को चुना। महापुरूषों ने पूरे देश को राष्ट्र माना है। हमारी संस्कृति में भी सभी के सुख की कामना की गई है।

प्राणियों में सद्भावना की बात की जाती है। भारत प्राचीन देश है, इसके बहुत सारे प्रमाण विद्यमान है। अपनी शक्ति को पहचान कर ही हम भारत को फिर से पूरी दुनिया का सिरमोर बना सकते है। उन्होंने स्वयं सेवकों द्वारा समाज जीवन में कुछ करणीय कार्यों को भी बताया, जिनको पंच प्राण के रूप में भी जाना जाता है। जिसमें सामाजिक समरसता व सामाजिक सद्भावना, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण, स्व गौरव (स्व का भाव) तथा नागरिक कर्त्तव्य शामिल है।

यह भी पढ़ें: Kurukshetra News : हरियाणा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा आम नागरिकों को देगी सहुलियत: धुमन सिंह