Yamunanagar News : हर भारतीय के दिल में बसता है तिरंगा- घनश्यामदास अरोड़ा

0
49
The tricolor resides in the heart of every Indian- Ghanshyamdas Arora
(Yamunanagar News) जगाधरी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को यमुनानगर के विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के दिल में बसता है और यह देश की आन-बान-शान है। उन्होंने कहा कि असंख्य वीर शहीदों की कुर्बानियों और संघर्ष की बदौलत हमारा ये गौरवमयी तिरंगा आज शान से लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि हम भारतीय तिरंगे की खातिर सब कुछ न्योछावर करने की सोच रखते हैं, हमारी सोच यही रहती है कि हमारा तिरंगा शान से लहराता रहे। इस तिरंगा यात्रा में हरियाणा पुलिस के हजारों जवानों ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घर पर फहराएगा तिरंगा

विधायक ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा उत्सव होता है जब देशभर में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आजादी के ‘अमृत महोत्सव’ पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए भारत में एक अभियान हर घर तिरंगा शुरू किया गया था तब से यह अभियान हर साल मनाया जाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज से व्यक्तिगत रूप से जुड़ने में मदद मिलेगी, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान भी बढ़ेगा। इस उत्सव के द्वारा वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों को भी नमन, सम्मानित किया जाता है। उन्होंने हर व्यक्ति से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने और तिरंगे का सम्मान करते हुए देश के वीर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया, डीएसपी राजेश कुमार सहित पुलिस जवान उपस्थित रहे।