Yamunanagar News : निगम ने अ​भियान चलाकर हटाए शहर लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग व पोस्टर 

0
61
The corporation launched a campaign and removed the hoardings and posters of political parties in the city
शहर में लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग व अन्य प्रचार सामग्री हटाते निगम कर्मी।
(Yamunanagar News)  यमुनानगर। हरियाणा विधानसभा आम चुनाव को लेकर लगी आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए नगर निगम द्वारा शहर से राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड, पोस्टर, बैनर, झंडे व कट आउट हटाए जा रहे है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीमों ने निगम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लगे होर्डिंग और पोस्टर हटाए गए।

आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर निगम ने चलाया हुआ है अभियान

आदर्श आचार संहिता को लेकर शहर में लगे राजनीतिक पार्टियों के बैनर, होर्डिंग व फ्लेक्स बोर्ड हटाने के लिए निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर सहायक निगम अभियंता राजेश शर्मा, सीएसआई हरजीत सिंह व सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में टीमें बनाई गई। वार्ड एक से 11 तक सीएसआई हरजीत सिंह, सहायक निगम अभियंता राजेश शर्मा, एसआई अमित कांबोज, एसआई प्रदीप दहिया, एएसआई सचिन कांबोज, जेई पंकज कांबोज, मनीष कुमार अन्य की टीम ने जगाधरी रोड, अंबाला रोड, सिविल लाइन, रेलवे रोड, मॉडल टाउन, गोविंदपुरी रोड समेत विभिन्न स्थानों पर लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, झंडे व फ्लेक्स बोर्ड हटाए। इसी तरह वार्ड 12 से 22 तक सीएसआई सुनील दत्त, सहायक निगम अभियंता राजेश शर्मा, एसआई गोविंद शर्मा, एसआई सुशील, एसआई बिट्टू, सतबीर व अन्य की टीम द्वारा रेलवे रोड, निगम कार्यालय के बाहर, वर्कशॉप रोड, बाईपास रोड, बाड़ी माजरा रोड, रादौर रोड, कैंप, समेत विभिन्न स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड व बैनर हटाए गए। निगम कर्मियों ने इन होर्डिंग व बैनरों को उतारकर वाहनों में लोड कर निगम के गोदाम में पहुंचाया। उप निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के पालन हेतु निगमायुक्त आयुष सिन्हा के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई है। आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जा रहा है। इस संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके है। इसी के चलते शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे राजनीतिक पार्टियों के बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, झंडे व अन्य प्रचार सामग्री हटाई जा रही है। निगम की टीमों द्वारा अभियान चलाकर यह कार्य किया जा रहा है।