Yamunanagar News : पथ संचलन हिंदू समाज में आत्मविश्वास व जागरूकता को बढ़ाने का प्रतीक : महेंद्र चौहान

0
8
Path Sanchalan is a symbol of increasing awareness in Hindu society Mahendra Chauhan
पथ संचलन निकालते हुए आएसएस पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

(Yamunanagar News) बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शाखा बिलासपुर की ओर से शस्त्र पूजन व पथ संचलन का आयोजन किया गया। संघ के वार्षिक कार्यक्रम में कई प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अध्यक्षता जगदीश अरोड़ा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत शस्त्र पूजन के साथ की गई। इसके बाद कस्बा में पथ संचलन यात्रा निकाली गई। पथ संचलन यात्रा राजकीय आदर्श संस्कृति के प्रांगण से आंरभ होकर मुख्य बाजार, छोटा बस स्टैंड, कपालमाेचन मार्ग, अग्रसैन चौंक, शिव चौंक, साढौरा मार्ग से होते हुए स्कूल प्रांगण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विभाग कार्यवाहक महेंद्र चौहान ने कहा कि समाज में जागरूकता का संचार हो रहा है, यह पथ संचलन हिंदू समाज में आत्मविश्वास व जागरूकता को बढ़ाने का प्रतीक है। समाज को अपनी दिशा पहचानने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संघ का यह आयोजन सामाजिक एकता व सामुदायिक सशक्तिकरण का प्रतीक है, जो हिंदू समाज को अपनी जड़ों से जुड़ने व जागरूक होने का संदेश देता है। भारत को हजार वर्षों के संघर्ष के बाद स्वाधीनता मिली है। इस स्वतंत्रता का उद्देश्य चिर-पुरातन राष्ट्र को पुन: वैभवशाली बनाना है। पूरे भारतवर्ष को एक समाज के रूप में प्रतिष्ठित करना संघ की सोच है। संघ इसी के लिए नित्य साधना कर रहा है।

मानवीय खंड संघ चालक सुभाष गौड ने कहा कि प्रत्येक समाज, राष्ट्र और जन समूह को अपना इतिहास ठीक प्रकार से समझना चाहिए। जो समाज या राष्ट्र अपने इतिहास की गलतियों से सीख नहीं लेता, उसका अस्तित्व समाप्त हो जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने इतिहास की गलतियां दोबारा न हों, इसके लिए संघ की स्थापना की थी। 2025 में संघ अपना शताब्दी वर्ष मनाने जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में की थी।

यह संगठन अनुशासन और देशभक्ति का अनूठा प्रतीक है। आरएसएस समाजसेवा के कार्यों को करके और अपने शैक्षिक प्रयासों के माध्यम से देश के कल्याण के लिए समर्पित देशभक्तों को तैयार करके हर वर्ग को सशक्त बना रहा है। पथ संचलन यात्रा में स्वयंसेवकों ने पारंपरिक वेशभूषा में बैंड-बाजों के साथ भाग लिया। क्षेत्र में कई जगह यात्रा का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का समापन समर्पित समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

यह भी पढ़ें: Jind News : डाहौला में दरगाह पट्टी कालोनी के लोगों को सात महीने से पीने के पानी के लाले, लोगों ने जताया रोष