Yamunanagar News : नगर निगम क्षेत्र के एक लाख संपत्तियां सत्यापित

0
185
One lakh properties of municipal corporation area verified
निगम कार्यालय के नागरिक सुविधा केंद्र पर अपनी प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित कराते प्रॉपर्टी मालिक।
(Yamunanagar News) यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र की एक लाख से अधिक संपत्तियां सत्यापित हो चुकी है। 46.90 प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित कर नगर निगम पहले स्थान पर है। शत प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित करने के लिए नगर निगम प्रयासरत है। तीनों निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों में भी संपत्ति सत्यापित की जा रही है। यहां संपत्तियां सत्यापित करने के लिए लोगों की आपत्तियां दर्ज कर उनका समाधान भी किया जा रहा है।

46.90 प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित करने के साथ नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी पहले स्थान पर

उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी संपत्ति स्वयं सत्यापित करें। संपत्ति सत्यापित करने से जहां उनकी प्रॉपर्टी सुरक्षित रहेगी। वहीं, उनकी प्रॉपर्टी आईडी से कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा। यदि संपत्ति मालिक अपनी प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित करने में असमर्थ है तो वह निगम कार्यालयों में अपनी प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित करवा सकते है। स्वयं संपत्ति सत्यापित करने से उनकी प्रॉपर्टी आईडी लॉक हो जाएगी।

नगर निगम के तीनों कार्यालयों में अपनी संपत्ति सत्यापित करवा सकते है संपत्ति मालिक

इसके बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति उनकी प्रॉपर्टी आईडी से छेड़छाड़ नहीं कर सकेंगे। ऐसा करने से प्रॉपर्टी मालिक प्रॉपर्टी से संबंधित किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से भी बच जाएगा। जब तक नगर निगम क्षेत्र की हर संपत्ति सत्यापित नहीं हो जाती, यह कार्य जारी रहेगा। ————–

प्रदेश के नगर निगमों में अब तक सत्यापित हुई संपत्तियों का ब्यौरा –

नगर निगम : कुल संपत्तियां – सत्यापित – प्रतिशत
यमुनानगर : 213255 – 100029 – 46.90 प्रतिशत
हिसार : 154340 – 64817- 41.99 प्रतिशत
पानीपत : 178740 -56186 – 31.43 प्रतिशत
करनाल : 167557- 50510 – 30.14 प्रतिशत
पंचकुला : 102256 – 30765 – 30.08 प्रतिशत
रोहतक : 220296 – 66012 – 29.96 प्रतिशत
गुरुग्राम : 674813 -162431 – 24.07 प्रतिशत
मानेसर : 150601 – 33534 – 22.26 प्रतिशत
फरीदाबाद : 717624 -140819- 19.62 प्रतिशत
अंबाला : 123822 – 24679 – 19.53 प्रतिशत
सोनीपत : 194609 – 36104 – 18.55 प्रतिशत

अपनी प्रॉपर्टी आईडी ऐसे करें स्वयं सत्यापित –

उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव व क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया ने बताया कि प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित करवाना बहुत जरूरी है। प्रॉपर्टी मालिक स्वयं भी अपनी प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित कर सकते है। प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करने के लिए प्रॉपर्टी मालिक सबसे पहले एनडीसी की साइट पर जाए। न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें और अपना ब्यौरा दर्ज करें। अपने रजिस्ट्रेशन मोबाइल नंबर से लॉगिन करें और सर्च फील्ड से प्रॉपर्टी आईडी सर्च करें। प्रॉपर्टी का ब्यौरा दर्ज करें। जहां हां या नहीं के दो विकल्प मिलेंगे। यदि आपकी आईडी सहीं है तो हां पर क्लिक कर अपनी आईडी सत्यापित करें। यदि आपकी आईडी सही नहीं है तो नहीं पर क्लिक करें और आवश्यक दस्तावेज सहित आपत्ति दर्ज करें। यदि प्रॉपर्टी मालिक स्वयं आईडी प्रमाणित करने में सक्षम नहीं है तो वह निगम के तीनों कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों अर्थात सीएफसी के काउंटरों पर जाकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित करवा सकते है।