Yamunanagar News : पीएम स्वनिधि योजना में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर नगर निगम का राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर चमका नाम

0
76
Municipal corporation shines for best performance in PM Swanidhi scheme
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा।
(Yamunanagar News) यमुनानगर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सबसे अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभ दिलाकर सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने पर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी का नाम राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर चमका है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने लोन उपलब्ध कराने में सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने पर राष्ट्रीय स्तर पर 22 बड़े शहर चुने गए है। जिनमें हरियाणा से नगर निगम जगाधरी यमुनानगर और गुरुग्राम का नाम शामिल है। इसी तरह राज्य स्तर पर स्ट्रीट वेंडर्स को लोन उपलब्ध कराने में यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम का पहला स्थान है। दूसरे स्थान पर नगर निगम गुरुग्राम व तीसरे स्थान पर नगर निगम पानीपत है। इन नगर निगमों को जल्द ही पीएम स्वनिधि प्रशंसा पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

सबसे अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लोन दिलाने में प्रदेश में पाया पहला स्थान, राष्ट्रीय स्तर पर 22 बड़े शहरों में शामिल

नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते साल 2020 में लगे लाॅकडाउन के चलते ट्विनसिटी के हजारों स्ट्रीट वेंडर्स का काम ठप हो गया। जिसके चलते इनके आर्थिक हालात बिगड़ गए। काम छीनने से परिवार का गुजारा मुश्किल हो गया। ऐसे में नगर निगम के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाकर इन स्ट्रीट वेंडर्स ने अपना काम दोबारा शुरू किया। कुछ ने अपने काम में बढ़ोतरी कर परिवार के आर्थिक हालात में सुधार किया और अपनी जिंदगी बदली।

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने जारी की सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों की सूची

सरकार की इस योजना के तहत नगर निगम को 9730 स्ट्रीट वेंडर्स को लोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला था। निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयास से हमने लक्ष्य से अधिक ट्विनसिटी के 11057 स्ट्रीट वेंडर्स ने लोन उपलब्ध कराया। जिससे उनके आर्थिक हालातों में सुधार हुआ। अब केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रशंसा पुरस्कार देने के लिए सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों को चुना गया है। यह प्रशंसा पुरस्कार दो स्तर पर दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर व राज्य स्तर। केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने हाल ही में पुरस्कार विजेताओं की सूची की घोषणा की है। स्ट्रीट वेंडर्स को लोन उपलब्ध कराने में सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने पर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी का नाम दोनों स्तरों की सूची है। राज्य स्तर पर नगर निगम पहले स्थान पर है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर जारी 22 नगर निगमों में शामिल है। सरकार द्वारा जल्द ही पुरस्कार समारोह आयोजित कर सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशंसा पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्ट्रीट वेंडर्स के आर्थिक उत्थान के लिए शुरू की गई थी योजना –

कोरोना महामारी के चलते साल 2020 में लगे लाॅकडाउन के चलते ट्विनसिटी के हजारों स्ट्रीट वेंडर्स का काम ठप हो गया। जिसके चलते इनके आर्थिक हालात बिगड़ गए। इनके उत्थान के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शुरू की गई। योजना के तहत एक स्ट्रीट वेंडर्स अर्थात रेहड़ी व फड़ी विक्रेता को दस हजार रुपये का लोन उपलब्ध कराया जाता है। ताकि वह अपना काम कर व काम को बढ़ाकर अपना आर्थिक उत्थान कर सके। स्ट्रीट वेंडर्स नगर निगम के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करता है। इसके बाद उसे बैंक द्वारा लोन उपलब्ध कराया जाता है। पहली बार में लोन समय पर अदा करने पर दूसरी बार में उसे 20 हजार व 50 हजार रुपये तक का भी लोन मिल सकता है।