Yamunanagar News : सांसद नवीन जिंदल ने रादौर में 108 फुट का तिरंगा लगाने के दिए निर्देश

0
125
MP Naveen Jindal gave instructions to install a 108 feet tricolor in Radaur
(Yamunanagar News) यमुनानगर। सांसद नवीन जिंदल की तरफ से रादौर के महाराणा प्रताप पार्क में विशाल राष्ट्रीय ध्वज के रूप में तिरंगा लगवाया जाएगा। इसके लिए फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम  ने पार्क का दौरा करके स्थिति का मुआयना किया। टीम ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल के निर्देशानुसार 15 अगस्त से पहले इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब सहित कई अन्य संस्थाओं ने इस पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लगवाने की मांग सांसद नवीन जिंदल के समक्ष रखी थी। सांसद नवीन जिंदल ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मार्फत इस कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन दिया था। रोटरी क्लब के प्रधान निर्मल सिंह ने बताया कि फ्लैग फाउंडेशन की ओर से लाडवा, शाहाबाद, कुरुक्षेत्र,कैथल व  पिहोवा आदि में राष्ट्रीय ध्वज लगवाए गए थे। इन विशालकाय तिरंगों की भव्यता को देखते हुए यहां के निवासियों का भी ऐसा ध्वज लगवाने का मन बना हुआ था। नवीन जिंदल के सांसद चुने जाने पर रादौर वासियों का यह सपना पूरा हुआ है।  रादौर के लोगों की लंबे समय से महाराणा प्रताप पार्क में तिरंगा लगवाने की जो मांग थी, वह मांग अब सांसद नवीन  जिंदल के कर कमलों से पूरी हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी है, और लोगों को घर-घर पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाया है। इतना ही नहीं उन्होंने बड़े पार्कों और  पर्यटन स्थलों पर बड़े-बड़े तिरंगे लगाए हैं जो कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की सुंदरता को चार चांद लगा रहे हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विरेंद्र हैपी खेड़ी, हरपाल सिंह मारूपुर, हरबंस लाल सैनी ऊंचा चंदना, रवि मौदगिल फर्कपुर, विपिन काम्बोज ब्लॉक समिति चेयरमैन रादौर, स.सुरेंद्र सिंह चीमा, सतीश सैनी, रूपेन्द्र मल्ली, अमित काम्बोज बुबका युवा नेता, श्रवण जौहर, हुकुम सिंह हिरण छप्पर, नगर पालिका रादौर के अधिकारी, रोटरी क्लब रादौर के सदस्य, नवीन जिंदल टीम के सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।