Yamunanagar News : अपनी प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित कराकर जमा कराए प्रॉपर्टी टैक्स, मिलेगी 15 प्रतिशत की छूट व ब्याज होगा पूरा माफ 

0
89
Get your property verified yourself and pay the property tax
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा
(Yamunanagar News) यमुनानगर। अपनी प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित कराकर संपत्ति मालिक टैक्स पर 15 प्रतिशत छूट व कोई ब्याज दिए बिना अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा सकते है। सरकार द्वारा एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर यह छूट केवल 30 सितंबर तक है। इसके बाद नगर निगम द्वारा पूरे ब्याज समेत पूरा प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाएंगा। अंतिम तिथि के बाद टैक्स जमा न कराने वालों की संपत्ति सील करने की भी नगर निगम ने तैयारी की हुई है। इस लिए संपत्ति मालिक 30 सितंबर से पहले अपना पूरा प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराकर सरकार की इस योजना का लाभ उठा सकते है।

छूट के साथ टैक्स जमा कराने की 30 सितंबर है अंतिम तिथि, उसके बाद पूरे ब्याज समेत वसूला जाएगा पूरा टैक्स

यह जानकारी नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने दी। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि पिछले दिनों प्रदेश सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई थी कि शहरी क्षेत्र के संपत्ति मालिकों को वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक का बकाया संपत्ति कर एक साथ जमा कराने पर मूल राशि में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा संपत्ति कर पर लगा पूरा ब्याज माफ किया जाएगा। इस छूट का लाभ लेने के लिए 30 सितंबर तक पूरा संपत्ति कर भरना होगा। यदि किसी संपत्ति मालिक की संपत्ति आईडी का पोर्टल पर स्वयं सत्यापन नहीं है तो उसे छूट का लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए छूट का लाभ लेने के लिए संपत्ति मालिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी एनडीसी पोर्टल पर स्वयं सत्यापित करवाए। यदि कोई संपत्ति मालिक स्वयं अपनी आईडी सत्यापित करने में असमर्थ है तो वह निगम के तीनों कार्यालयों स्थित नागरिक सुविधा केंद्रों व उनके घर-घर आ रहे निगम कर्मियों से अपनी प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करवा सकता है।

अपनी प्रॉपर्टी ऐसे कर सकते है स्वयं सत्यापित

संपत्ति मालिक स्वयं अपनी संपत्ति आईडी सत्यापित कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एनडीसी की वेबसाइट पर जाएं। यहां नए पंजीकरण पर क्लिक करने पर अपना ब्यौरा भरें। फिर पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन कर प्रॉपर्टी आईडी सर्च करें। यहां हां या नहीं के दो विकल्प मिलेंगे। यहां आपकी आईडी सही है तो हां पर क्लिक कर उसे सत्यापित करें। यदि आईडी सही नहीं है तो नहीं पर क्लिक करें और आवश्यक दस्तावेज सहित आपत्ति दर्ज करें। यह कार्य नगर निगम यमुनानगर जगाधरी के तीनों कार्यालय में भी जाकर कराया जा सकता है। साथ ही निगम के 50 के करीब कर्मी घर-घर जाकर भी यह कार्य कर रहे हैं। अब तक यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम की कुल 211974 में से 90651 संपत्तियां स्वयं सत्यापित कर नगर निगम यमुनानगर जगाधरी प्रदेश में अव्वल है। संपत्तियां सत्यापित करने के अलावा संपत्ति कर के बकायेदार ऑनलाइन या नगर निगम के नागरिक सुविधा केंद्रों में जाकर संपत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं।