Yamunanagar News : नालों का निरीक्षण करने निकले डीएमसी, सीवरेज में बांस डालकर खुद की निकासी

0
7
Yamunanagar News : नालों का निरीक्षण करने निकले डीएमसी, सीवरेज में बांस डालकर खुद की निकासी
जिंदल पार्क के नजदीक जाम पड़े सीवरेज में खुद बांस मारकर निकासी करते उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव।
  • निरीक्षण में उप निगम आयुक्त को नालों व सीवरेज में मिली गंदगी, ठेकेदार को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
  • उप निगम आयुक्त विजयपाल यादव ने मॉडल टाउन, प्रोफेसर कॉलोनी, आजाद नगर, दशमेश कॉलोनी समेत कई कॉलोनियों में नालों का किया निरीक्षण

Yamunanagar News | प्रभजीत सिंह लक्की| यमुनानगर | शनिवार दोपहर लगभग एक बजे, चिलचिलाती धूप और 35 डिग्री तापमान में उप निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव, पब्लिक हेल्थ व निगम के अधिकारियों के साथ शहर के नालों का निरीक्षण करने निकले। निरीक्षण के दौरान कई बड़े नालों में गंदगी मिली तो कुछ नालों की सफाई करते कर्मचारी मिले। कुछ स्थानों पर सीवरेज के ढक्कन जाम थे तो कुछ ब्लॉक हुए थे।

चैंबर में भी गंदगी फंसी हुई थी। जिंदल पार्क के पास ब्लॉक मिले सीवरेज में उप निगम आयुक्त डा. यादव ने खुद बांस डालकर पानी की निकासी की। नालों की सफाई व्यवस्था सही न मिलने पर उप निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव ने गहरी नाराजगी जताते हुए सफाई अधिकारियों को सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी करने और संबंधित सुपरवाइजर का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

वहीं, जिन नालों पर स्लैब डालने व निर्माण के बाद मलबा नहीं उठाया, उन एजेंसियों को भी तुरंत मलबा उठाने के निर्देश जारी किए। ऐसा न करने पर एजेंसी की पेमेंट रोकने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर गंदगी मिले, उन स्थानों को तुरंत प्रभाव से साफ कराने के उप निगम आयुक्त ने सफाई अधिकारियों को निर्देश दिए।

अंडरग्राउंड नालों के चैंबर के ढक्कनों पर गंदगी मिली

नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव शनिवार दोपहर सीएसआई हरजीत सिंह, पब्लिक हेल्थ के एसडीओ सन्नी सिंह, जेई अजय कुमार, जेई मनीष कुमार, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, सुमित लाठर, सचिन कंबोज व अन्य के साथ नालों की सफाई व्यवस्था देखने निकले। सबसे पहले वह शहीद भगत सिंह चौक पर पहुंचे। यहां अंडरग्राउंड नालों के चैंबर के ढक्कनों पर गंदगी मिली।

संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से गंदगी को साफ करने के निर्देश दिए। ताकि पानी की निकासी सही तरीके से हो। यहां से अधिकारियों का काफिला मॉडल टाउन में रिक्शा चौक पर पहुंचा। यहां भी नेहरू पार्क रोड पर अंडरग्राउंड नालों के चैंबर व ढक्कनों में गंदगी फंसी मिली। यहीं हालात मेला सिंह पर नजर आए।

उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल ने संबंधित सफाई अधिकारियों को तुरंत प्रभाव ने इसकी सफाई कराने के निर्देश दिए और उन्हें कहा कि वे शाम को फिर जांच करने पहुंचेंगे। जिसके बाद अधिकारियों ने सफाई कर्मियों को बुलाकर चैंबर व ढक्कनों की सफाई कराई। यहां से उप निगम आयुक्त कैप्शन शोरूम के पास जगाधरी से आ रहे बड़े नाले पर पहुंचे।

नाले के अंदर व स्लैब पर मलबा रखा मिला। उप निगम आयुक्त ने संबंधित जेई को नाले पर स्लैब बनाने वाली एजेंसी को तुरंत प्रभाव से मलबा व नालों के अंदर पड़े मलबे का उठवाने के निर्देश दिए। यहां उन्होंने पूरे बड़े नाले की सफाई का जायजा लिया। वहीं, नालों में गंदगी डालने वाले रेहड़ी चालकों व दुकानदारों को भी चेताया।

इसके बाद उप निगम आयुक्त वेयर हाउस के पास बड़े नाले पर पहुंचे। यहां भी नाले की सफाई से संतुष्ट नहीं हुए और अधिकारियों व ठेकेदार को गहराई तक नालों की पूरी तरह से सफाई करने के निर्देश दिए। यहां से अधिकारियों का काफिला प्रोफेसर कॉलोनी में श्मशान घाट के पास पहुंचा।

जहां जगाधरी से आ रहा नाला गंदगी से अटा मिला। हालांकि यहां सफाई करने के लिए ठेकेदार के कर्मचारी लगे हुए थे। उप निगम आयुक्त यादव ने अधिकारियों को चेताया कि वह सफाई कार्य की निगरानी करने के कड़े निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर बड़े नालों में गंदगी मिली। जिस पर उप निगम आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सीएसआई को ठेकेदार के खिलाफ नोटिस निकालने के निर्देश दिए।

खुद बांस लेकर सीवरेज की सफाई कर की पानी की निकासी 

वार्ड नंबर आठ के मॉडल टाउन व प्रोफेसर कॉलोनी, छोटी लाइन के नालों का निरीक्षण करने के बाद उप निगम आयुक्त विजय पाल यादव अधिकारियों के साथ वार्ड नंबर दस की दशमेश कॉलोनी पहुंचे। जहां लोगों ने बताया कि सीवरेज ब्लॉक है। उन्होंने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। दशमेश कॉलोनी के बाद आजाद नगर की गली नंबर 13 व 14 में पहुंचे।

यहां भी बड़े नाले में गंदगी जमा मिली। इसके अलावा नाले के किनारों पर भी गंदगी पड़ी हुई थी। इस बारे सफाई ठेकेदार ने उप निगम आयुक्त को बताया कि नाले की एक राउंड सफाई हो चुकी है। लेकिन उप निगम आयुक्त सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने सफाई निरीक्षक को ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उप निगम आयुक्त जिंदल पार्क के पास नाले पर पहुंचे। यहां भी नाले में कचरा फंसा हुआ था और सीवरेज गंदगी से अटा हुआ था। अधिकारी ने सफाई कर्मियों से गंदगी को साफ कराया। इसके बाद खुद बांस लेकर सीवरेज के अंदर मारकर पानी की निकासी की।

कबाड़ी का पांच हजार का चालान, नहीं मानने पर सील करने के दिए निर्देश 

जिंदल पार्क के नजदीक जब अधिकारियों का काफिला नालों की जांच करने पहुंचा तो यहां एक कबाड़ी द्वारा नाले पर कब्जा किया हुआ मिला। कबाड़ी का कुछ कचरा नाले में पड़ा था। जिस पर उप निगम आयुक्त ने संबंधित सीएसआई को कबाड़ी का पांच हजार रुपये का चालान करने के निर्देश दिए।

वहीं, नाले पर रखे सामान को जल्द से जल्द न उठाने पर दुकान को सील करने के निर्देश दिए। इसके बाद उप निगम आयुक्त ने यमुना गली, संत निश्चल सिंह स्कूल के नजदीक व कई अन्य स्थानों पर नालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द नालों की सफाई का कार्य निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नालों में पॉलिथीन, ठोस कचरा व गंदगी न डाले।

यह भी पढ़ें : Yoga in Asian Games : खेल मंत्री ने एशियाई खेलों में योग को शामिल करने की आईओए की पहल को दिया महत्व

यह भी पढ़ें : Health Tips For Monsoon : इन टिप्स को अपनाकर मॉनसून में रखें सेहत का ख्याल

यह भी पढ़ें : Kurukshetra News : 5 हजार वर्ष पुराने ऐतिहासिक और पौराणिक वट वृक्ष को मिल रही पेंशन

यह भी पढ़ें : Haryana News : पौने 9 एकड़ भूमि गुरुद्वारा साहिब के नाम करना सीएम नायब सिंह सैनी का सराहनीय कदम : जत्थेदार असंध

SHARE