Yamunanagar News : शहर में होंगे 125.52 लाख रुपये के विकास कार्य, शहरवासियों को मिलेगी सुगम व सुरक्षित राह : आयुष सिन्हा

0
183
Development work worth Rs 125.52 lakh will be done in the city: Ayush Sinha
शहर में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी देते निगम आयुक्त आयुष सिन्हा।
(Yamunanagar News) यमुनानगर। लोकसभा के चुनाव के बाद सरकार ने नगर निगम क्षेत्र में होने वाले करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का पिटारा खोला है। चुनावों के बाद लगातार शहर में होने के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर टेंडर लगाए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर लगने वाली आचार संहिता से पहले ही नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जिन वार्ड की गलियां क्षतिग्रस्त है, उनका एस्टीमेट तैयार कर टेंडर लगाए जा रहे है। कुछ दिन पहले नगर निगम द्वारा जहां 262 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए थे। वहीं, अब 125.52 लाख रुपये के नए विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं। टेंडर अलॉट होते ही नगर निगम द्वारा विकास कार्यों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इन विकास कार्यों के होने से विभिन्न वार्डों के लोगों को जहां पक्की गलियों व सड़कों की सौगात मिलेगी। वहीं, पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम होंगे।

विभिन्न वार्डों में पक्की गलियों, नालियों व अन्य विकास कार्यों के नगर निगम ने जारी किए टेंडर

निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि वार्ड 21 की राजिंद्र नगर, शिव दयालपुरी कॉलोनी में 6.35 लाख की लागत से पक्की गली व अंडरग्राउंड पाइप लाइन का निर्माण किया जाएगा। 4.22 लाख की लागत से वार्ड नंबर 22 में विभिन्न मरम्मत व रखरखाव के कार्य किए जाएंगे। 15.51 लाख की लागत से वार्ड नंबर आठ के मॉडल टाउन में चुन्नी लाल के घर से संदीप जिंदल के घर तक और ठकराल गारमेंट की दुकान से हिना कलेक्शन की दुकान तक गली व नाली का निर्माण किया जाएगा। वार्ड नंबर 17 की नव स्वीकृत लक्ष्मी नगर कॉलोनी एक्सटेंशन में 9.79 लाख की लागत से पक्की गली का निर्माण और एनपी-2 पाइप लाइन डालने का कार्य किया जाएगा।

हर नियमित कॉलोनी की सभी क्षतिग्रस्त व कच्ची गलियों को पक्का करने व निकासी का इंतजाम कर रहा नगर निगम

9.20 लाख की लागत से वार्ड 12 की नव स्वीकृत रूप नगर कॉलोनी में चाय फैक्ट्री मृगनयनी से बाड़ी माजरा सड़क तक पक्की गली व नालियों का निर्माण किया जाएगा। 9.57 लाख की लागत से वार्ड नं. 19 के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। वार्ड नौ की नव स्वीकृत कालिंदी कॉलोनी में 11.70 लाख रुपये की लागत से काजल एसोसिएट की दुकान से तेजली खेल परिसर तक गली व नालियों का निर्माण किया जाएगा। 11.49 लाख की लागत से वार्ड 18 की नव स्वीकृत शिव कॉलोनी में ओम प्रकाश वाली गली से गली व नाली का निर्माण, 12.73 लाख की लागत से वार्ड नंबर 18 के फर्कपुर में अंबेडकर भवन का निर्माण पूरा होगा।
वार्ड 12 की नव स्वीकृत कामी माजरा कॉलोनी में 11.69 लाख की लागत से डा. इकबाल के घर से आशु के घर तक गली व नाली का निर्माण किया जाएगा। 23.33 लाख की लागत से वार्ड नंबर 10 की हरी प्रसाद कॉलोनी में विभिन्न गलियों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जारी किए गए अधिकतर टेंडर भरने की अंतिम तिथि 30 व 31 जुलाई है। इच्छुक एजेंसियां व ठेकेदार संबंधित विकास कार्यों के लिए टेंडर भर सकते हैं। हमारा प्रयास हर शहरवासी को सुगम व सुरक्षित राह प्रदान करना और साफ व स्वच्छ वातावरण देना है। इसी को लेकर हम प्रयासरत है। हर वार्ड की हर नियमित कॉलोनी की क्षतिग्रस्त व कच्ची गलियों का पक्का किया जा रहा है। इसको लेकर इंजीनियरिंग विभाग को निर्देश जारी किए हुए है।