(Yamunanagar News) यमुनानगर। शहर की सड़कों के किनारे खाली पड़े प्लॉटों की सफाई, फेंसिंग (तार की बाड़) या चारदीवारी के लिए निगम ने बड़ा फैसला लिया है। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने सड़क किनारे खाली पड़े प्लाटों के मालिकों को प्लाटों की फेंसिंग या चारदीवारी कराने के निर्देश जारी किए है। यदि प्लाट मालिक स्वयं फेंसिंग या चारदीवारी नहीं कराता तो नगर निगम प्लाट की स्वयं फेंसिंग कराएगा और इस पर आया खर्च प्लाट मालिक की प्रॉपर्टी आईडी में जोड़कर उससे वसूल किया जाएगा।
सड़क किनारे खाली पड़े प्लाट की फेंसिंग कराए मालिक नहीं तो स्वयं कार्य कर खर्च वसूलेगा निगमस्वच्छ यमुनानगर
यह जानकारी नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी अभियान की शुरुआत के दौरान दी। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने को लेकर सेक्टर 17 स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से अभियान की शुरुआत की। अभियान की शुरुआत से पूर्व नगर निगम उन्होंने श्री राधा कृष्ण मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद के पास खाली पड़े प्लाट की सफाई कराई।
शहर की साफ व स्वच्छ बनाने को निगम ने चलाया स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी अभियान
निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने मंदिर की दीवार पर निगम द्वारा बनवाए गए स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी के लोगो का भी अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों को शहर की विभिन्न दीवारों लोगो की वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने श्री कृष्णा धर्मार्थ सभा के सदस्यों से शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने में सहयोग करने की अपील की। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि आगामी 15 दिन तक शहर में स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शहर के सभी मार्गाें, सार्वजनिक स्थानों, कॉलोनियों में अभियान चलाकर सफाई की जाएगी। सड़कों किनारे उगे घास, जमा गंदगी को साफ किया जाएगा। शहर को सुंदर बनाने की दिशा में भी अनेक कार्य किए जाएंगे। शहर के मुख्य मार्गाें के किनारे कुछ खाली प्लाट ऐसे है, जिनमें गंदगी पड़ी है। न ही इन खाली प्लाटों की चारदीवारी है और न ही इनकी फेंसिंग की हुई है।
सड़क किनारे ऐसे प्लाट हमारे शहर की सुंदरता को भंग कर रहे है। दूसरे जिलों व राज्यों से आने वाले लोग भी खाली प्लाटों में जमा गंदगी देख आहत होते है। इन खाली प्लाटों के मालिकों को निर्देश दिए जाते है कि वह स्वयं अपने खाली प्लाट की सफाई कर उसकी फेंसिंग या चारदीवारी कराए। यदि वह ऐसा नहीं करता तो नगर निगम स्वयं उनके प्लाट की सफाई कर फेंसिंग या चारदीवारी कराएगा। इस पर आया पूरा खर्च प्लाट मालिक के प्रॉपर्टी टैक्स में जोड़कर उससे वसूल किया जाएगा। निगम आयुक्त सिन्हा ने बताया कि नवरात्रों को लेकर शहर में उत्सवी माहौल है। इसलिए सभी धार्मिक संस्थाओं से भी शहर को सुंदर बनाने की अपील की जा रही है।
निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि अभियान के तहत अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर शहर को साफ किया जाएगा। धार्मिक संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई सुनील दत्त, एसआई सचिन कांबोज, शशी गुप्ता, श्री कृष्णा धर्मार्थ सभा के सरंक्षण सुशील बंसल, जितेंद्र बंसल, प्रधान प्रवेश बंसल, सचिव अचल गुप्ता, एडवोकेट सुभाष जिंदल
अमर नाथ पासी, रमन गोयल, अनिल बंसल, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहें।
खुले में कचरा डालने वालों पर होगी कार्रवाई – निगम आयुक्त आयुष सिन्हा
आयुष सिन्हा ने बताया कि हमने काफी संख्या में खुले में कचरा डालने वाले प्वाइंट को बंद कर उनकी जगह गमले व बेंच रखवाए है। शहरवासी भी इसमें सहयोग दे रहे हैं। अभी भी शहर में कुछ ऐसे प्वाइंट है, जहां खुले में कचरा डाला जा रहे है। ऐसे स्थानों को कचरा मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इन प्वाइंट को भी बंद कर वहां गमले व बेंच रखे जाएंगे। यदि फिर भी कोई व्यक्ति खुले में कचरा डालता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि शहर को खुले में कचरा डालने से मुक्त बनवाने में सहयोग दें। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर वाल पेंटिंग कर लोगों को स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी अभियान के प्रति जागरूक करें। रविवार को स्वच्छता थीम पर राहगिरी कार्यक्रम करें। रात के समय के व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए डोर टू डोर कचरा उठान करें।
यह भी पढ़ें: Apple Foldable iPhone के फीचर्स लीक, देखें संभावित प्राइस
यह भी पढ़ें: 1.5 Ton Best AC बेहतरीन छूट, और बिजली की बचत भी, अभी खरीदें