Yamunanagar News : भाजपा ने यमुनानगर के उद्योग किए बर्बाद, कांग्रेस नीति बनाकर बढ़ाएगी निवेश : हुड्डा

0
8
BJP ruined the industries of Yamunanagar Hooda
  • हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के निष्पक्ष चुनाव करवाएगी कांग्रेस : बाजवा

(Yamunanagar News) यमुनानगर। भाजपा ने अपने 10 साल के राज में सुनियोजित तरीके से उद्योगों को बर्बाद और रोजगार चौपट किया है। पहले से जीएसटी-नोटबंदी की मार झेल रहे व्यापारी अब फिरौती गैंग के निशाने पर और बदमाशों के खौफ के चलते हरियाणा से पलायन करने को मजबूर हैं। हजारों लोगों को रोजगार व प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बल देने वाली यमुनानगर की पेपर, मेटल और प्लाईवुड इंडस्ट्री बंद होने के कगार पर पहुंच गई है। कांग्रेस सरकार बनने पर उद्योग व व्यापार के लिए अलग आयोग बनाया जाएगा। नई उद्योग नीति लाकर निवेश और रोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को यमुनानगर के दशहरा ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कही।

नशा मुक्ति हरियाणा आयोग व टास्क फोर्स रोकेगी नशाखोरी और तस्करी  : हुड्डा

हुड्डा ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी रमन प्रकाश त्यागी के लिए जनता से वोटों की अपील की। जनसभा में पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी और पूर्व विधायक अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 2005 से पहले भी भी हरियाणा में बदमाशों का राज था और जेलों से गैंग चलते थे। लेकिन उन्होंने सत्ता में आने के बाद बदमाशों को साफ चेतावनी दी थी कि या तो हरियाणा छोड़ दो या बदमाशी। इसके बाद कांग्रेस ने प्रदेश में 10 साल कानून का राज चलाया। लेकिन बीजेपी ने फिर से हरियाणा में जंगलराज स्थापित कर दिया है। इसलिए कांग्रेस सरकार बनने पर फिर से गुंडागर्दी का सफाया कर शांति और खुशहाली का राज स्थापित किया जाएगा।

हुड्डा ने यमुनानगर में बढ़ते नशे के नेटवर्क पर भी चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा के संरक्षण में ही नशा तस्कर फल-फूल रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि भाजपा 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का झूठ बोलकर सत्ता में आई थी, लेकिन डीजल, खाद, दवा के रेट बढ़ाकर लागत कई गुना बढ़ा दी। एमएसपी देने की जगह किसानों को पोर्टलों में उलझा दिया और फसल खरीद की तारीख पर तारीख दी।

इस मौके पर पंजाब में नेता प्रतिपक्ष और हरियाणा चुनाव में सीनियर आब्जर्वर प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि भाजपा हरियाणा की किसान और जवान वाली सोच की विरोधी है। तीन काले कानून वापस करवाने के लिए 750 किसानों ने शहादत दे दी, लेकिन मोदी ने मिलने के लिए 10 मिनट का समय नहीं दिया। कांग्रेस सरकार सभी किसानों को शहीद का दर्जा देकर उनकी याद में स्मारक बनवाएगी। शहीद के परिवार को नौकरी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: Yamunanagar News : हम बंटे तो कटे थे, हम बंटे न होते तो भारत देश कभी गुलाम नहीं होता : योगी आदित्यनाथ