(Yamunanagar News) यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्कपुर में मुलखराज रामदुलारी नंदा रोटरी यमुनानगर चैरिटेबल द्वारा निर्मित किए जाने वाले आंख व दांत चिकित्सालय का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन यज्ञ से किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा व विशिष्ट अतिथि विधायक यमुनानगर घनश्यामदास अरोड़ा उपस्थित रहे।
केन्द्र सरकार व हरियाणा सरकार सभी को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध : श्याम सिंह राणा
इस अवसर पर मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि केन्द्र सरकार व हरियाणा सरकार सभी को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जब प्राइवेट सस्थाएं भी इस कार्य में सहयोग करती है तो सामाजिक कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने अस्पताल के लिए भूमि प्रदान करने के लिए अश्वनी नन्दा का आभार व्यक्त किया और लोगों से अपील की कि सभी को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए जिससे जरूरतमंदों की सहायता की जा सके।
उन्होंने रोटरी क्लब के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति चिंतित है। पब्लिक के इस प्रकार के सहयोग से इस मुहिम को और गति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि समर्थ तबके के लोग गरीबों की मदद करके, रोगी का इलाज करवा कर, गरीब बच्चों को शिक्षा प्रदान करके और दिव्यांगों को आर्टिफिशियल अंग प्रदान करके अपना योगदान दे सकते हैं।
विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि लोग मैं और मेरा परिवार तक सीमित है हमें इससे आगे बढ़ना है। धर्म के मर्म को जानकर समाज को महत्व देना है और सामाजिक कार्यों को महत्व देना है और समाज को प्रगति प्रदान करनी है। यमुनानगर शिक्षा का केन्द्र बन सका पूर्व में लोगों की दान की गई भूमि या दान भावना से, यमुनानगर के सभी कॉलेज और सरकारी अस्पताल इसके उदाहरण हैं। यह अस्पताल भविष्य में लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और रोटरी क्लब का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है।
डीजी रोटरी क्लब राजपाल सहारनपुर ने कहा कि सच्चे मन से कोई कामना की जाए तो ईश्वर उसका मार्ग तैयार करता है। अश्विनी नंदा ने यह भूमि दान करके जनकल्याण का कार्य किया है। इस अस्पताल की अत्यंत आवश्यकता है और यह लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व मेयर मदन चौहान, रामनिवास गर्ग, रोटरी क्लब के सदस्य व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने अश्वनी नंदा का अभिनंदन किया एवं आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: Save Phone Battery : क्या आपका स्मार्टफोन भी पहले जैसा बैटरी बैकआप नहीं देता, अपनाए ये टिप्स
यह भी पढ़ें: JioHotstar IPL subscription offer : Airtel देगा 100 रुपये में इतने दिन फ्री देखें …