Yamuna Nagar Latest News : फर्जी कागज बना प्रोपर्टी बेचने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

0
12

Yamuna Nagar Latest News: यमुनानगर। एनआरआइ राकेश कपूर की माडल टाउन स्थित 409 वर्ग गज प्रापर्टी बेचने के केस में मुख्य कड़ी माडल टाउन निवासी प्रापर्टी डीलर अश्विनी कुमार को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। आरोपित के हिस्से में इस फर्जीवाड़े से 36 लाख रुपये आए थे। अब आरोपित की गिरफ्तारी के बाद से ही नगर निगम व तहसील के अधिकारियों में बेचैनी है, क्योंकि यह पूरा फर्जीवाड़ा नगर निगम व तहसील के माध्यम से हुआ। नगर निगम से प्रापर्टी की फर्जी आइडी तैयार की गई। जबकि तहसील से इसकी रजिस्ट्री कराई गई। पुलिस को आरोपित से इस खेल में शामिल अधिकारियों के भी नाम खुलने की उम्मीद है।

अभी इस केस में एसडीएम कार्यालय का कर्मी राममेहर व करनैल सिंह की भी पुलिस को तलाश है, क्योंकि नगर निगम व तहसील में सांठगांठ यही दोनों कराते थे। राममेहर, करनैल सिंह व अश्विनी की लंबे समय से दोस्ती है। इसके साथ ही उनकी उर्दू अनुवादक इस्लाम से मिलीभगत रही। वह अभी जेल में है। यही तहसील से ऐसी प्रापर्टी का रिकार्ड निकलवाते जो लंबे समय से खाली पड़ी है या फिर विवादित है। वह इन प्रापर्टी के फर्जी दस्तावेज तैयार कराते। उर्दू अनुवादक इस्लाम तहसील में निजी कर्मी था।

इसलिए उसे पूरे रिकार्ड की जानकारी होती थी। अधिकारियों से भी उनकी अच्छी जान पहचान रहती। आर्थिक अपराध शाखा इस केस की पूरी गहनता के साथ पड़ताल कर रही है। अब तक इस हाई प्रोफाइल केस में परमजीत कौर, उर्दू अनुवादक इस्लाम, उसकी भाभी इमराना व भाई रमजान को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। अब प्रापर्टी डीलर अश्विनी कुमार गिरफ्त में है। इस केस में कई अन्य भी आरोपित हैं। उनकी भी तलाश में पुलिस लगी है।