(Yamuananagar News) यमुनानगर। नगर निगम द्वारा दिव्य नगर योजना के तहत शहर के ओपी जिंदल पार्क के पीछे से पुराना सहारनपुर रोड के फतेहपुर पुल तक पश्चिमी यमुना नहर किनारे रिवर वाटर फ्रंट विकसित किया जाएगा। लगभग साढ़े चार किलोमीटर लंबाई में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे यह रिवर वाटर फ्रंट बनेगा। सरकार की ओर से इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 12 करोड़ 87 लाख 83 हजार रुपये खर्च होंगे। यह जानकारी नगर निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा ने दी।
ओपी जिंदल पार्क से पुराना सहारनपुर रोड के फतेहपुर पुल तक साढ़े चार किलोमीटर लंबाई में बनेगा रिवर वाटर फ्रंट
उन्होंने बताया कि रिवर वाटर फ्रंट प्रोजेक्ट के तहत पश्चिमी यमुना नहर किनारे ओपी जिंदल पार्क के पीछे से आजाद नगर, चिट्टा मंदिर से पटरी पर यह रिवर वाटर फ्रंट बनाया जाएगा। इसमें लगभग 600 मिली मीटर चौड़ा लैंडस्केप एरिया, 2000 मिमी चौड़ा फुटपाथ, निकासी के लिए नाली, 1050 मिमी ऊंची पत्थर की दीवार पर 1200 मिमी ऊंची बाड़ लगाने वाली जाली लगेगी। चौड़ी सड़क व फुटपाथ के साथ फेंसिंग, उद्यान, बैठने के लिए सुंदर व आकर्षक डिजाइन के बैंच, फैंसी लाइटिंग, हरियाली व अन्य व्यवस्थाएं की जाएगी। नहर किनारे रिवर वाटर फ्रंट विकसित होने से शहर को एक नया रूप मिलेगा। लोगों को नहर किनारे आनंद लेने का मौका मिलेगा। यह शहरवासियों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन और आनंद का भी साधन होगा। नहर के आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा और सुंदर बनाया जाएगा। रिवर वाटर फ्रंट शहर में पर्यटन को बढ़ावा देगा। रिवर वाटर फ्रंट से लोगों को नदी के किनारे टहलने, बैठने, पिकनिक करने और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
नहर के पानी की गुणवत्ता में होगा सुधार, बरसाती जल प्रबंधन को मिलेगा बढ़ावा –
रिवर वाटर फ्रंट के लिए निर्धारित जगह के आसपास आजाद नगर, चिट्टा मंदिर रोड, शांति कॉलोनी समेत विभिन्न रिहायशी कॉलोनियों है। जहां घनी आबादी है। रिवर फ्रंट बनने से नहर किनारे कचरा जमा नहीं होगा। इसके अलावा नालियों व नालों का गंदा पानी सीधा नहर में नहीं जा पाएगा। इससे प्रदूषण कम करने की प्रक्रियाओं के माध्यम से नहर के पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा। बरसाती जल प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
फैंसी डेकोरेटिव लाइटों से चमकेगा रिवर वाटर फ्रंट –
रिवर वाटर फ्रंट पर सड़क, फुटपाथ व पत्थर की दीवार बनने के साथ साथ फैंसी डेकोरेटिव लाइट भी लगेगी। ताकि रास्तों और सड़कों पर उचित प्रकाश की व्यवस्था से रात के समय दृश्यता सही रहे। इससे अपराध और दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। गर्मियों में पश्चिमी यमुना नहर में डूबने के सबसे ज्यादा मामले इसी क्षेत्र में आते है। रिवर वाटर फ्रंट बनने से नहर में डूबने के मामलों में भी कमी होगी। आसपास के लोग यहां व्यायाम, सैर, दौड़ लगाने व दिनचर्या के अन्य कार्य कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: Kurukshetra News : केशव पार्क में महायज्ञ के दौरान गोली चलाने का आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: Vivo Y300 Pro+ इस दिन होगा लॉन्च, देखें संभावित फीचर्स