Worli Hit And Run Case: सीएम शिंदे के निर्देश पर मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को उपनेता पद से

0
237
Worli Hit And Run Case सीएम शिंदे के निर्देश पर मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को उपनेता पद से
Worli Hit And Run Case : सीएम शिंदे के निर्देश पर मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को उपनेता पद से

Mumbai BMW Hit And Run Case, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को उपनेता पद से हटा दिया है। वह राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में पदस्थ नेता थे। कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने शिंदे सरकार पर वर्ली हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपी को बचाने और मामले को दबाने का आरोप लगाया था। इसके बाद सीएम शिंदे के निर्देश पर आज राजेश शाह को उपनेता पद से हटाया गया।

हादसे में हो गई थी महिला की मौत

बता दें कि वर्ली इलाके में पिछले सप्ताह रविवार को एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। स्कूटर पर दंपति सवार था और हादसे में महिला की मौत हो गई थी। शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने हिट एंड रन मामले में पीड़ित महिला कावेरी नखवा के पति प्रदीप नखवा से आज मुलाकात की।

बीएमडब्ल्यू कार को मिहिर शाह चला रहा था। पुलिस को शक है कि मिहिर घटना के समय नशे में था। आरोपी को बीते कल यानी मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। वह हादसे के बाद से फरार था। उसे ढूंढने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।

मिहिर शाह ने पी थी शराब

पुलिस ने बताया कि मिहिर शाह ने घटना वाली रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर जाते समय उसने चालक से उसे लॉन्ग ड्राइव पर ले जाने को कहा। कार वर्ली आई तो मिहिर ने जोर देकर कहा कि वाहन को वह चलाएगा। इसके बाद तेज रफ्तार कार ने कुछ देर बाद एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोपहिया वाहन पर कावेरी नखवा और उनके पति प्रदीप नखवा सवार थे। जो वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके के निवासी थे।