PM Modi In Navsari-Gujarat,आज समाज), गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि महिलाओं का सम्मान करना किसी भी राष्ट्र के विकास की दिशा में पहला कदम है और इसी भावना के साथ भारत ने अब महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास का मार्ग अपनाया है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस ( International Womens Day) हैऔर पीएम इस अवसर पर गुजरात के नवसारी पहुंचे थे।

महिलाओं को ‘नारायणी’ कहा गया

पीएम मोदी ने नवसारी में जी-सफल और जी-मैत्री सहित विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं सबसे धनवान व्यक्ति हूं, क्योंकि मेरा खाता माताओं और बहनों के आशीर्वाद से भरा है और यह आशीर्वाद बढ़ता ही जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, महिलाओं को ‘नारायणी’ कहा गया है। उनका सम्मान करना किसी भी राष्ट्र के विकास की दिशा में पहला कदम है। इसीलिए, एक विकसित भारत बनाने और राष्ट्र के विकास को गति देने के लिए, भारत ने अब महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास का मार्ग अपनाया है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार महिलाओं के जीवन में उनके सम्मान और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

करोड़ों महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए

पीएम ने कहा, हमने करोड़ों महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए हैं, उनका सम्मान बढ़ाया है। करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते खोलकर हमने उन्हें बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि उनकी सरकार ने महिलाओं को धुएं से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए उज्ज्वला सिलेंडर उपलब्ध कराए हैं।

मातृत्व अवकाश 12 सप्ताह से 26 सप्ताह किया

कामकाजी महिलाओं को केवल 12 सप्ताह का मातृत्व अवकाश मिलता था। हमारी सरकार ने इसे बढ़ाकर 26 सप्ताह कर दिया। हमारी मुस्लिम बहनें वर्षों से तीन तलाक को खत्म करने की मांग कर रही थीं। इसके खिलाफ कानून बनाकर हमारी सरकार ने लाखों मुस्लिम महिलाओं का जीवन बर्बाद होने से बचाया। जब कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू था, तो वहां की महिलाओं और बेटियों को कई अधिकारों से वंचित किया गया था। अगर वे राज्य के बाहर किसी से शादी करती थीं, तो उनका पैतृक संपत्ति पर अधिकार खत्म हो जाता था। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब जम्मू-कश्मीर में महिलाओं को सभी अधिकार मिले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, मोदी ने अनुच्छेद 370 को हटाकर दिखाया कि संविधान का सम्मान कैसे किया जाता है।

महिलाएं देश के हर क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर पर

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज महिलाएं बड़े संस्थानों और देश के हर क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर पर भाग ले रही हैं। 2014 के बाद से देश में प्रमुख पदों पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। केंद्र सरकार में सबसे ज्यादा महिला मंत्री बनी हैं। संसद में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व काफी बढ़ा है। 2019 में पहली बार 78 महिला सांसद चुनी गईं। इस बार भी 74 महिला सांसद हैं।

न्यायपालिका में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि देश की न्यायपालिका में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। जिला अदालतों में महिलाओं की उपस्थिति 35 प्रतिशत को पार कर गई है। कई राज्यों में सिविल जजों की भर्ती में 50 प्रतिशत से ज्यादा नई नियुक्तियां हमारी बेटियों की हुई हैं। आज भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। इनमें से लगभग आधे स्टार्टअप में महिला निवेशक अहम भूमिका निभा रही हैं। पीएम ने कहा, भारत अंतरिक्ष विज्ञान में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वास्तव में, कई प्रमुख मिशनों का नेतृत्व महिला वैज्ञानिकों की टीमों द्वारा किया जा रहा है। हमें यह देखकर गर्व होता है कि भारत में दुनिया में सबसे अधिक महिला पायलट हैं।

यह भी पढ़ें : Gujarat News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवसारी में लखपति दीदियों से की बातचीत