Patiala Crime News : महिला ने गला घोंटकर पति को मार डाला

0
111
Patiala Crime News : महिला ने गला घोंटकर पति को मार डाला
Patiala Crime News : महिला ने गला घोंटकर पति को मार डाला

मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Patiala Crime News (आज समाज), पटियाला : पति-पत्नी का रिश्ता भगवान ने सात जन्मों के लिए बनाया है लेकिन आज कल पति-पत्नी का रिश्ता बहुत जल्द खत्म होने लगा है। पहले जहां अक्सर सुना जाता था कि पति ने पत्नी की हत्या कर दी वहीं पिछले कुछ समय से इसके विपरीत हो रहा है। हर रोज कहीं न कहीं से यह समाचार सामने आ जाता है जहां पर महिला ने अपने पति की हत्या कर दी हो। कहीं हत्या का कारण अवैध संबंध बन रहे हैं तो कहीं घरेलू कलह के चलते यह सब हो रहा है। ताजा मामला प्रदेश के पटियाला से सामने आया है। जहां महिला पर आरोप लगा है कि उसने अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की मां के बयान दर्ज करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत महिला पर केस दर्ज कर लिया है।

यह है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 29 साल के हरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी पत्नी वीरपाल कौर है। पति की हत्या के बाद आरोपी महिला वीरपाल कौर रातभर पति के शव के पास बैठी रही। थाना सदर समाना पुलिस ने आरोपी वीरपाल कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक पटियाला के समाना के गांव बल्लभगढ़ निवासी हरप्रीत सिंह की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की मां हरपाल कौर ने पुलिस को बयान दिए हैं कि उसके बेटे हरप्रीत सिंह की शादी करीब सात साल पहले गांव कौहरियां निवासी वीरपाल कौर के साथ हुई थी। इस शादी से दोनों की पांच साल की एक बेटी है। उसका बेटा हरप्रीत सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करता था। उसका पत्नी के साथ अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। वीरपाल कौर अपने पति हरप्रीत सिंह के साथ मारपीट करती थी।

शाम हो दोनों में हुआ झगड़ा, सुबह अचेत मिला युवक

रोजाना की तरह जब हरप्रीत सिंह काम से वापस आया तो उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। इसके बाद वीरपाल कौर उसे कमरे में ले गई। अगले दिन सुबह उन्हें आवाजें लगाईं तो कमरे का दरवाजा नहीं खोला गया। शक होने पर किसी की मदद से कमरे को खुलवाया गया। अंदर जाकर देखा तो हरप्रीत सिंह बेड पर बेसुध पड़ा था। उसकी पत्नी पास ही बैठी थी। हरप्रीत सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना सदर समाना के इंचार्ज विक्रमजीत सिंह बराड़ के मुताबिक हरप्रीत सिंह की गला घोंट कर हत्या की गई है। उसकी माता के बयान पर वीरपाल कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें : Punjab News : सिंधु जल समझौता निरस्त होने से पंजाब को मिलेगा फायदा

ये भी पढ़ें : Sangrur Crime News : संगरूर पुलिस ने पकड़ी 2,240 लीटर अवैध ईएनए