50 वर्षीय महिला ने अपने 70 वर्षीष प्रेमी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : पिछले दिनों अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की लाश मिली थी। पुलिस ने उस मामले को अब सुलझाते हुए मृतक की हत्या के मामले में उसकी पत्नी और उसके आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा होने पर हर कोई हैरान है। क्योंकि जिस व्यक्ति का कत्ल हुआ उसकी आयु करीब 55 वर्ष थी। उसकी पत्नी यानि आरोपी महिला की उम्र 50 साल है जबकि महिला के आशिक की उम्र करीब 70 साल बताई जा रही है।

कई साल से थे महिला के अवैध संबंध

अमृतसर में कुछ दिन पहले रेलवे लाइन पर 55 वर्षीय कश्मीर सिंह की लाश मिली थी। उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी 50 वर्षिय पत्नी ने अपने 70 साल के आशिक के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने मामले में हत्यारी पत्नी बलविंदर कौर और उसके 70 साल के प्रेमी अमर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी बलविंदर कौर ने अपने आशिक अमर सिंह के साथ मिलकर पति की हत्या कर लाश को व्यास के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।

जीआरपी के अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि कई सालों से आरोपी महिला बलविंदर कौर के उसके प्रेमी अमर सिंह के साथ नाजायज संबंध थे। इस बात का पता उसके पति कश्मीर सिंह को लग गया था। कश्मीर सिंह पत्नी बलविंदर कौर को उसे रोकना टोकता था। बावजूद आरोपी महिला बलविंदर कौर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी।

पति की हत्या की बनाई योजना

बलविंदर कौर और अमर सिंह के प्यार में कश्मीर सिंह रोड़ा बन रहा था। ऐसे में पति के लगातार रोके टोके जाने के चलते दोनों ने मिलकर कश्मीर सिंह की हत्या की योजना बनाई। इसी के तहत करीब चार दिन पहले आरोपियों ने तेजधार हथियारों के साथ कश्मीर सिंह की हत्या कर दी और इसके बाद उसकी लाश को मोटरसाइकिल पर रखकर रात के अंधेरे में रेलवे लाइनों पर फेंक गए।

पुलिस पूछताछ में महिला ने कबूल किया गुनाह

पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की तो शक की सुई बलविंदर कौर की तरफ घूम गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। महिला ने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड पर लिया गया है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में धान सीजन में मिलेगी पर्याप्त बिजली : सीएम

ये भी पढ़ें : Punjab News Update : शिअद की कमान फिर बादल परिवार के हाथ