Faridabad News: फरीदाबाद में दीवार गिरने से महिला की मौत

0
165
फरीदाबाद में दीवार गिरने से महिला की मौत
फरीदाबाद में दीवार गिरने से महिला की मौत

Faridabad News (आज समाज) फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार को तिगांव के बुखारपुर इलाके में मकान तोड़ते समय दीवार गिरने से एक महिला की मलबे में दबने से मौत हो गई। फिलहाल मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। मृतक महिला के पति मेहरबान ने बताया की वह मूल रूप से झांसी के जिले ललितपुर के गांव बेहलोनी के रहने वाले हैं। आज वह अपनी मां रेखा, पत्नी राजा, बेटी उमर बालेश्वर के साथ लेबर चौक पर मेहनत मजदूरी के लिए गए थे। वहां पर शिलांग का रहने वाला एक व्यक्ति आया। उन्हें एक मकान को तोड़ने के लिए कहा और 10 मजदूरों की मांग की। वे 500 रुपए प्रति व्यक्ति दिहाड़ी के हिसाब ये उसके साथ चले गए। उन्होंने तिगांव के बुखारपुर इलाके में एक पुराने मकान को तोड़ने के लिए काम शुरू किया। मकान को तोड़ते समय अचानक से एक दीवार भरभरा कर गिर गई। इससे वहां काम कर रही उसकी पत्नी राजा दीवार के नीचे दब गई। उन्होंने किसी तरह से पत्नी को मलबे से निकाला। उसने बताया की मालिक भी मौके पर खड़ा था, उसने उसकी कोई भी मदद नहीं की। पत्नी को बादशाह खान सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। मेहरबान ने बताया की सुबह लगभग 11 बजे के करीब वह बादशाह खान सिविल अस्पताल में पहुंचे थे। कई घंटे बाद भी पुलिस कार्रवाई के लिए नहीं पहुंची है। उन्हें अपनी पत्नी के शव को पोस्टमार्टम करवा कर झांसी लेकर जाना है।