पुलिस ने महिला कांस्टेबल को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Kaithal News (आज समाज) कैथल: हरियाणा के कैथल में पुलिस ने एक महिला कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। महिला कांस्टेबल का एक साथी एएसआई जगभान अभी भी फरार है। पुलिस जगभान की तलाश में जुटी हुई है। दोनों आरोपियों पर देह व्यापार गिरोह को संरक्षण देने का आरोप है। गत फरवरी में नाबालिग लड़की की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए प्रदीप और बलिंद्र को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप और बलिंद्र ने एक संगठित गिरोह बनाया था।
यह गिरोह महिलाओं और नाबालिगों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में धकेलता था। गिरोह की कार्रवाई में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता भी सामने आई। सिविल लाइन थाने में तैनात एएसआई जगभान और हेड कॉन्स्टेबल नीतू ने गिरोह को संरक्षण दिया। दोनों ने इसके बदले आर्थिक लाभ लिया। हेड कांस्टेबल नीतू की संलिप्तता और पैसों के लेन-देन की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
महिला कांस्टेबल ने परिजनों के खातों में डलवाए पैसे
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि हेड कांस्टेबल नीतू ने गिरोह से पैसों का लेन-देन अपने परिजनों के खातों में किया और आरोपियों को पुलिस कार्रवाई से बचाने का प्रयास किया। नीतू ने गिरोह से भारी रकम लेकर उन्हें संरक्षण दिया, जिसके चलते गिरोह का आपराधिक नेटवर्क लगातार फलता-फूलता रहा।
आरोपियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
मामले की जांच डीएसपी गुरविंद्र कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियं की पहचान की जा रही है। डीएसपी ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर गहराई से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में मैच फिक्सिंग करने पर होगी जेल