पत्नी से अलग दूसरे मकान में रहता था रामभगत, फोन पर पत्नी को बुलाया था अपने पास
Hisar News (आज समाज) हिसार: जिले के एक गांव में पति द्वारा पत्नी को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने वारदात को रविवार देर रात अंजाम दिया। पत्नी कमरे में चारपाई पर सो रही थी। आरोपी ने पहले उसपर तेल छिड़का और फिर आग लगा दी। इतना ही नहीं आरोपी ने घर में मौजूद अपनी सौतेली मां को भी आग के हवाले कर दिया। वह लगभग आधी जल गई।

उसे हिसार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर का दरवाजा बंद कर अंदर ही उन्हें जलते हुए देखने के लिए बैठ गया। सौतेली मां का शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हांसी के डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

नशे का आदी है रामभगत

मामला हिसार में हांसी के गांव महजत का है। आरोपी की पहचान रामभगत के रूप में हुई है। उसकी 2 बेटियां हैं। उसने अपनी पत्नी भरपो देवी को चारपाई पर ही आग लगाई। वहीं, उसकी सौतेली मां गीता देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, रामभगत नशे का आदी है। वह काफी समय तक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रहा है। 6 माह पहले ही परिजन उसे घर लेकर आए थे।

आग लगाकर गेट कर दिया बंद

पुलिस के मुताबिक रामभगत अपनी पत्नी से अलग गांव में ही पुराने मकान में रहता था। रविवार को भरपो देवी अपने पति रामभगत को खाना देकर वापस गांव स्थित घर में चली गई थी। रामभगत ने उसे बाद में फोन कर वापस पास आने के लिए कहा। भरपो देवी ने अपनी सास गीता को बताया तो वह भी साथ बेटे के पास आ गई। दोनों जब घर के अंदर कमरे में बैठीं तो पहले से ही तैयारी कर बैठे रामभगत ने भरपो देवी और गीता पर तेल छिड़क दिया और आग लगा दी। दोनों भाग न सकें, इसके लिए रामभगत ने पहले ही गेट बंद कर दिया था।

पत्नी से रहती थी अनबन

सौतेली मां गीता ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और गांव में सीढ़ियों के रास्ते बाहर आई। शोर सुनकर आसपास के गांव के लोग जागे और बाहर निकले, लेकिन तब तक गीता आधी से ज्यादा जल चुकी थी। पुलिस के अनुसार, रामभगत की नशे के कारण पत्नी के साथ अनबन रहती थी। इस कारण से घर से करीब 1 किलोमीटर दूर पुराने मकान में रहता था।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली की जनता खुद बनाएगी अपना बजट : सीएम