Himachal Political News : भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री आखिर मौन क्यों : जयराम ठाकुर‌ 

0
130
भ्रष्टाचार के मसले पर मुख्यमंत्री आखिर मौन क्यों : जयराम ठाकुर‌ 
भ्रष्टाचार के मसले पर मुख्यमंत्री आखिर मौन क्यों : जयराम ठाकुर‌ 
Himachal Political News (आज समाज)देहरा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को देहरा में सुक्खू सरकार द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार और माफिया को दिए जा रहे संरक्षण पर मुख्यमंत्री को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मसले पर मुख्यमंत्री आखिर मौन क्यों है। उनकी खामोशी का क्या कारण है। प्रदेश में आए दिन घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पूरे प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए हैं। प्रदेश के लोग जानना चाहते हैं की उनके होते हुए ये घोटाले कैसे हो रहे हैं।
भ्रष्टाचारियों को, अपराधियों को, माफिया को किसका संरक्षण मिल रहा है। पुलिस उन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। सरकार प्रदेश की जनता के भले के लिए काम करती है न कि अपने परिवार और मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है।
जयराम ठाकुर ने कहा प्रदेश की जनता ने भ्रष्टाचार करने वाली सरकार को, उसके मुखिया को पूरी तरीके से नकार दिया है। लोकसभा के चुनाव में मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्रियों को उनके अपने हलके में हराकर जनता ने अपना रुख  साफ कर दिया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचारियों की लिए कोई जगह नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर और कांगड़ा के सबसे बड़े खनन माफिया कौन है और मुख्यमंत्री से उनके क्या संबंध है, यह पूरा प्रदेश जानता है। भाजपा मुख्यमंत्री से जानना चाहती है कि आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई की दिसंबर 2022 में यह सरकार बनने के दो महीने के भीतर ही फरवरी 2023 में माइनिंग पॉलिसी बदली गई? यह पॉलिसी किसे फायदा पहुंचाने के लिए बदली गई थी। इसके बारे में भी मुख्यमंत्री को प्रदेश के लोगों को बताना चाहिए।