Gurugram News:जो भी आता है, अब्दाली की तरह लूटकर जाता है: राव नरबीर सिंह

0
9
जो भी आता है, अब्दाली की तरह लूटकर जाता है: राव नरबीर सिंह
जो भी आता है, अब्दाली की तरह लूटकर जाता है: राव नरबीर सिंह

पूर्व विधायक ने गुरुग्राम की बदहाली के लिए अफसरों को ठहराया जिम्मेदार
Gurugram News (आज समाज): हरियाणा के गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर सीट से विधायक रहे राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम की बदहाली के लिए यहां के अफसरों को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही उन्होंने गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। राव नरबीर ने गुरुग्राम के अफसरों की तुलना अहमद शाह अब्दाली से की। नरबीर ने अफसरों को लुटेरा बताया और कहा कि जो यहां आता है, लूट कर ले जाता है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अफसर किसी की सुन नहीं रहे, और उनकी खिंचाई करने वाला कोई नहीं है। राव नरबीर ने 2014 से 2019 के बीच उनके कार्यकाल का उदाहरण देते हुए बताया कि जब उनके हाथ कमान थी, तब सभी काम पूरे होते थे। अधिकारी बात मानते थे और सबकी सुनते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें 40 साल का राजनीति का अनुभव है। अफसरों से काम कैसे करवाया जाता है, वह अच्छी तरह जानते हैं। गुरुग्राम में हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे राव नरबीर ने कहा कि जैसे हम हिस्ट्री में पढ़ते थे कि अब्दाली आता था लुटेरे आते थे, हिंदुस्तान को लूटकर चले जाते थे। उसी तरह गुरुग्राम का हाल हुआ। जो आया, लूटकर लेकर चला गया। लेकिन, आप दिल पर हाथ रखो कि 2014 से 2019 तक लूट थी क्या भाई सरकार वही, मुख्यमंत्री वही, पार्टी वही और गुरुग्राम बदहाल, सोचो क्यों। सिर्फ नरबीर सिंह नहीं था इसलिए। हरियाणा में अफसर 2 आदमियों की मानते हैं, जो मेरा 40 साल का राजनीतिक तजुर्बा है। 30% तो मानेंगे जो उन्हें लेकर आया है, और 70% उसकी मानेंगे जो उन्हें बदलवा सके। मेरे लिए सोचते थे कि यह बदलवा सकता है, इसलिए 100% काम होते थे। आज कोई न लगवाने वाला है न बदलवाने वाला। इसलिए 1% भी नहीं मानता अधिकारी।

कौन हैं राव नरबीर

राव नरबीर खट्टर सरकार में पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर रहे हैं। 2014 में गुरुग्राम की बादशाहपुर सीट से वह भाजपा के विधायक चुने गए थे। उन्होंने 1987 में जटूसाना (हरियाणा) और 1996 में सोहना (हरियाणा) से विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक लड़ा। इससे पहले उन्होंने 1987 में राज्य गृहमंत्री और 1996 में हरियाणा सरकार में परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति व सहकारिता मंत्री का पद संभाला था। वह 26 वर्ष की आयु में राज्य गृह मंत्रालय का पद संभालने वाले देश के सबसे युवा निर्वाचित प्रतिनिधि बने। 1996 में उनके पास खेल और मुद्रण एवं स्टेशनरी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। उन्होंने 2009 में गुरुग्राम से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे।

SHARE