2 मई से बारिश की संभावना, पांच से छह डिग्री तक गिरेगा तापमान
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सहित समूचा उत्तर भारत खासकर मैदानी क्षेत्र वर्तमान में भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। अप्रैल में ही तापमान 44 डिग्री को पार कर चुका है। वहीं गर्मी और लू के लिए मशहूर मई इस बार राहत लेकर आ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम को लेकर जो भविष्यवाणी की है उसके अनुसार मई शुरू होते ही प्रदेश में मौसम करवट लेगा। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम में यह बदलाव दो दिन बाद हो रहा है। मई की शुरूआत में सूबे के लोगों को बारिश से राहत की उम्मीद है।
एक मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने एक मई से चार दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान खास तौर से एक मई को मौसम ज्यादा खराब रहेगा। मौसम में बदलाव के बाद पंजाब में कईं जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना
राजधानी चंडीगढ़ में भी लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं। दो मई से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बन रही है। शहर का तापमान भी 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। तेज धूप के कारण लोगों को पूरे दिन गर्मी का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। डॉक्टरों ने इस भीषण गर्मी में अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
बठिंडा रहा सबसे ज्यादा गर्म
पंजाब में सबसे गर्म बठिंडा रहा। यहां का तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे कम 17.8 डिग्री का न्यूनतम पारा मोगा का दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री, लुधियाना का 40.5 डिग्री, पटियाला का 40.3 डिग्री, पठानकोट का भी 40.3 डिग्री, फिरोजपुर का 40.3 डिग्री, जालंधर का 39.1 डिग्री दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब के पास एक बूंद भी अतिरिक्त पानी नहीं : मान