रात और दिन के तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में कल रात से मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम में बदलाव होने से तापमान में गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है। वहीं मौसम विभाग ने 25 व 26 फरवरी को प्रदेश में हल्की बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी 25 व 26 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। जिस कारण बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं हरियाणा में वातावरण में नमी और हवा चलने के कारण दिन के तापमान में कमी देखने को मिल रही है। भारत मौसम वैज्ञानियों के अनुसार प्रदेश के कुछ शहरों के रात और दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आई है। वहीं 12 दिनों के तापमान का आकलन करें तो हरियाणा में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट आई है।
25 से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
12 दिन पहले रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, महेंद्रगढ़ और यमुनानगर का तापमान 28 से 30 डिग्री तक चला गया था, जो अब घटकर 23 से 25 डिग्री के बीच आ गया है। धीरे-धीरे रात के तापमान में भी कमी आने लगेगी। 25 से फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके सक्रिय होने से हवाओं में बदलाव आएगा और प्रदेश में बादल छा सकते हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ा है। बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 26 फरवरी तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Jammu-Kashmir: जम्मू में मांडा के पास खाई में गिरी बस, ड्राइवर की मौत, 17 घायल