- राजस्थान और गुजरात में आफत बनी गर्मी, पारा 40 पार
- हरियाणा-पंजाब सहित 6 राज्यों में अगले हफ्ते आएगी आंधी
IMD Alert, (आज समाज), नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों में अगले सप्ताह से तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की आशंका है। वहीं हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है और इसके प्रभाव से बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। पश्चिम विक्षोभ का हरियाणा व पंजाब में भी असर दिखेगा। होली के दिन इस बार उत्तर-पश्चिमी भारत में भी हल्की बारिश के आसार हैं। दूसरी तरफ महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में अभी से गर्मी आफत बन गई है। राजस्थान व गुजरात के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। कई जगह लू चल रही है।
हरियाणा व पंजाब में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार हिमाचल में बुधवार रात से पश्चिम विक्षोभ एक्टिव हुआ है और 16 मार्च तक पहाड़ों पर इसका असर देखने को मिलेगा। आईएमडी के मुताबिक आने वाले 3-4 दिन में राज्य के कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति राजधानी शिमला, व चंबा जिले के ऊंचाई वाले इलाकों भारी हिमपात हो सकता है। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब के भी कई जिलों में 16 मार्च तक बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के तीन दिन एक्टिव रहने का अनुमान है। शुकव्रार से रविवार तक राज्य के अधिकतर इलाकों में बूंदाबांदी व हल्की बारिश होने के आसार हैं। कई जिलों में आंधी चल सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी 16 मार्च बारिश होने का अनुमान है।
तीन वर्ष में दूसरी बार मार्च के पहले पखवाड़े में लू
महाराष्ट्र, गुजरात व राजस्थान में तीन वर्ष में दूसरी बार है जब मार्च के पहले पखवाड़े में लू का दौर आया है। गुजरात में 2022 में भी 11 से 19 मार्च के बीच लू का पहला दौर महसूस किया गया था। उस वर्ष होली 8 मार्च को थी। दक्षिण में तेलंगाना में बुधवार को लगातार दूसरा दिन हीटवेव चली। यहां फिलहाल अगले सप्ताह तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। दो दिन बाद यहां तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
राजस्थान में सप्ताहांत तक बारिश की संभावना
राजस्थान के कई शहरों में 16 मार्च तक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के 14 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी है। इससे कई शहरों का तापमान घटेगा। मध्य प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें : Himachal Weather: भारी बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति में सड़कें बंद, वाहनों व घरों पर बिछी बर्फ की मोटी चादर