North India Weather, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से मैदानों तक मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और फिलहाल खराब मौसम से राहत के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर भारत में मौसम बदल रहा है। वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा आदि राज्यों मेें गर्मी आफत बनने लगी है और आने वाले दिनों में इन राज्यों के साथ ही दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव समेत देश के 10 से ज्यादा राज्यों में तपिश और तेज होने का अनुमान है।
पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते बदल रहा मौसम
उधर देश की राजधानी दिल्ली का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 27.5 डिग्री रहा। आईएमडी ने गुजरात और महाराष्ट्र में गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई में हीटवेव का अलर्ट है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिमाचल में आज रात से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और तीन दिन तक इसका असर रह सकता है। राज्य में पांच दिन तक बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के पर्वतीय इलाकों में अच्छी बारिश और हिमपात होने के आसार हैं। 27-28 को भारी हिमपात का अनुमान है। हिमाचल के तीन जिलों में आरेंज अलर्ट जारी है। इस दौरान शीतलहर चलने की भी संभावना है। प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में सोमवार रात को बर्फबारी शुरू हुई जो आज भी जारी है।
हिमाचल : कुफरी में भी हल्का हिमपात, 3 जिलों में अलर्ट
हिमाचल के मशहूर पर्यटक स्थल कुफरी में भी हल्का हिमपात हुआ है। मौसम सुहावना होने से पर्यटकों के साथ ही बागवानों के चेहरे से भी खिल उठे हैं। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान 4.8 डिग्री और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से शुक्रवार के बीच जम्मू-कश्मीर में कई जगह बर्फबारी और बारिश होने का अनुमान है।
जानिए हरियाणा-पंजाब के मौसम का हाल
हरियाणा और पंजाब में कई जगह आज सुबह से बादल छाए हैं। इस दौरान अंबाला सहित हरियाणा के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और इसके प्रभाव से आज सुबह अमृतसर में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। छह जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के हिमाचल से सटे स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
मध्यप्रदेश में फिर हल्की ठंड, छत्तीसगढ़ में शुष्क रहेगा मौसम
मध्यप्रदेश में फिर हल्की ठंड हो गई है। दिन व रात के पारे में पिछले सप्ताहांत से 2-5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को पचमढ़ी की रात सबसे ठंडी रिकॉर्ड की गई। वहीं राजधानी भोपाल में बादल छाए रहे। बुधवार से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक वृद्धि का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा और गर्मी तेज होगी। पिछले दिनों राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के उत्तरी व दक्षिणी इलाकों में आई नमी की वजह से पारे में गिरावट आई थी।
राजस्थान में गुरुवार से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ
राजस्थान में गुरुवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके प्रभाव से प्रदेश के सात 7 जिलों में बादल छाने ओर आंधी चलने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। इसके बाद तापमान के 2-4 डिग्री बढ़ने के आसार हैं।
बिहार में दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड
बिहार में दिन में गर्मी और रात होते हल्की ठंड महसूस हो रही है। राज्य में एक हफ्ते से तेज धूप निकल रही है, जिससे अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। राज्य में शनिवार को मौसम बदलने सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें : Earthquake: बंगाल की खाड़ी में 5.1 तीव्रता का भूकंप, 91 किमी की गहराई पर था केंद्र