
- चमोली हिमस्खलन में फंसे 54 मजदूरों में से 53 निकाले, 7 की मौत
Today India Weather, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानों तक अधिकतर जगह आज मौसम साफ है, लेकिन कल से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई जगह फिर बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के चमोली जिले में हिमस्खलन में फंसे 54 मजदूरों में से 53 को निकाल लिया गया है। जिनमें से 7 की मौत हो गई है।
उत्तराखंड : 28 फरवरी को हुआ था हिमस्खलन
चमोली जिले में बद्रीनाथ मार्ग पर माणा गांव के पास 28 फरवरी को बर्फ का पहाड़ गिरने (हिमस्खलन) से कंटेनर हाउस में रुके सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 54 मजदूर फंस गए थे। पहले बताया जा रहा था कि 55 मजदूर फंसे थे। आज मिली जानकारी के अनुसार एक मजदूर कैंप से बिना बताए छुट्टी चला गया था। जिसके बाद स्पष्ट हुआ कि 54 मजदूर फंसे थे।
हरियाणा में 5 मार्च तक मौसम खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 5 मार्च तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। 3 दिन बारिश के बाद आज राज्य में धूप खिली है, लेकिन साथ में ठंडी हवाएं चल रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 3 और 4 मार्च को राज्य के अधिकतर इलाकों में मौसम हल्का खराब रहने की संभावना है। 5 मार्च के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात को फिा तापमान में गिरावट की संभावना है।
पंजाब : बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट
पंजाब में भी आज सुबह से धूप खिली है। मौसम विभाग ने राज्य में सोमवार के लिए फिर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश में कई जगह तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। शुक्रवार को हुई बारिश के कारण रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर में तापमान सबसे कम 8.5 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमाचल : ज्यादातर इलाकों में भारी वर्षा की संभावना
हिमाचल प्रदेश में भी आज धूप खिली है। सोमवार से राज्य में फिर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भारी वर्षा की संभावना है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में फिर बर्फबारी हो सकती है। जनजातीय क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का खतरा है।
लाहौल में दो जगह हिमस्खलन, अब भी खतरा
लाहौल में दो जगह हिमस्खलन हुआ भी है। चंबा भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है। हाल ही में हुई बारिश व बर्फबारी के कारण प्रदेश भर में करीब 250 सड़कें बंद हैं। वहीं 300 से ज्यादा बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हैं। बागवानी फसलों के लिए बारिश व बर्फबारी अच्छी है। आज मौसम खुलने पर बंद सड़कों को बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
जम्मू-कश्मीर: भूस्खलन, पत्थर गिरे, मिट्टी धंसी
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के मुताबिक जम्मू-कश्मीर सोमवार को फिर भारी बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर कई जगह भूस्खलन हुआ है। कुछ जगहों पर पत्थर गिरे हैं तो कुछ जगह मिट्टी धंस गई है। खराब मौसम के चलते कश्मीर और जम्मू संभाग के विंटर जोन के स्कूल स्कूल बंद कर दिए गए हैं। अब स्कूल अब 7 मार्च को खुलेंगे। सभी स्कूल 1 मार्च को खुलने वाले थे। 10वीं, 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं अब 24 और 25 मार्च को होंगी।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand Avalanche: सेना ने दो और शव बरामद किए, 1 कर्मचारी अब भी लापता