Aaj Ka Mausam, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तरी-पश्चिमी राज्यों में प्रचंड गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है और देश के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान व तेज हवाओं के दौरान बिजली गिरने से मौतें हुई हैं। वहीं कुछ जगहों पर अब भी मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी है। हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार आदि राज्यों में बुधवार शाम से आंधी-तूफान व तेजा हवाएं आफत बनी हैं। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश व गुजरात में हीटवेव का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : Weather: उत्तर-पश्चिम में भीषण गर्मी शुरू, बाड़मेर मेें तापमान 45.6 डिग्री, हीटवेव का रेड अलर्ट
20 से ज्यादा राज्यों में आज जानें कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के 20 से ज्यादा राज्यों में आज भी आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है। बिजली गिरने से बिहार में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और अब भी राज्य के कई जिलों में येलो व आरेंज अलर्ट है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा कानपुर व अन्य कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है और कई जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट है। लखनऊ में आज सुबह अंधेरा छाया रहा, वहीं कानपुर में सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई है।
राजस्थान : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश
आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। तेज गर्मी और लू की के बीच बुधवार देर शाम को धूलभरी आंधी चली और बारिश हुई जिससे तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे राज्य के कई शहरों में गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में आज और कल भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा।
मध्यप्रदेश : लू व हीटवेव के बीच आंधी-बारिश
मध्यप्रदेश में भी लू व हीटवेव के बीच बुधवार को कहीं-कहीं बारिश हुई और आंधी चल रही है। कुछ जगह ओलावृष्टि भी हुई है। कुछ जगह हवा इतनी तेज थी कि कुछ उखड़ गए। आज भी प्रदेश के कई इलाकों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। वहीं उज्जैन-ग्वालियर संभाग में लू का अलर्ट जारी है। वहीं 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हो सकती है।
हरियाणा में इन जगह आंधी, पंजाब में प्रचंड गर्मी
हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में बुधवार रात को तेज आंधी चली। इससे पहले कई गांवों में ओले गिरे। झज्जर व महेंद्रगढ़ से सटे जिलों में भी मौसम खराब रहा। कई जगह आज भी मौसम खराब होने का अनुमान है। उधर पंजाब में तेज गर्मी पड़ रही है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बठिंडा राज्य में सबसे गर्म रहा है।
तेज गर्मी के बीच हिमाचल में एक्टिव हो रहा है पश्चिमी विक्षोभ
हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के दूसरे हफ्ते में ही मई जैसी गर्मी महसूस हो रही है। कई जगह अधिकतम पारा सामान्य से 7 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और इसके प्रभाव से लोगों को गर्मी से अब राहत मिल सकती है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
ये भी पढ़ें : Skymet: मानसून इस बार सामान्य या इससे अधिक रहेगा, कई जगह हीटवेव, बाड़मेर में पारा 47 पार