Weather Updates: बारिश और बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश से राजस्थान तक बढ़ी ठंड

0
84
Weather Updates
Weather Updates: बारिश व बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश से राजस्थान तक बढ़ी ठंड

IMD Alert, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद इन पहाड़ी राज्यों के साथ ही क्षेत्र के मैदानी राज्यों में भी ठंड फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी देश के 12 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अनुमान है और इससे तापमान में और गिरावट आएगी। भारी बर्फबारी के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद कर दिया गया, जिसके कारण सैकड़ों वाहन फंस गए। आईएमडी के अनुसार ओडिशा में रविवार तक भारी बारिश का अनुमान है। फसलों को नुकसान होने का डर है। राज्य सरकार ने 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में कई जगह जमी बर्फ

हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताह बुधवार से गुरुवार रात तक खासकर तौर पर राजधानी शिमला से सटे कुफरी, लाहौल स्पीति, मनाली, चंबा, डलहौजी और किन्नौर सहित कई स्थानों पर हिमपात हुआ है। कई जगह बर्फ जम गई है और पर्यटक आने वाले छह से 20 दिन तक बर्फ का लुत्फ उठा सकते हैं।

शनिवार को  फिर बारिश/हिमपात का अनुमान

मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम खराब हुआ है और हिमाचल के अधिकतर राज्यों में आज पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ेगा। राज्य के अधिक ऊंचे इलाकों में ही सिर्फ आज हल्का हिमपात हो सकता है। अन्य इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। शनिवार को राज्य के ज्यादा ऊंचाई और मध्यम ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश के साथ हिमपात होने का अनुमान है।

पंजाब में बारिश के बाद तापमान घटा

पंजाब मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में हुई बारिश के बाद औसम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औसत अधिकतम तापमान -4.7 डिग्री कम हुआ है, जो राज्य में सामान्य से -1.8 डिग्री कम है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बठिंड में 25.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आज प्रदेश में मौसम साफ है।

यूपी : हापुड़ और मेरठ में जमकर हुई ओलावृष्टि

उत्तर प्रदेश में भी बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। हापुड़ और मेरठ में गुरुवार देर रात ओलावृष्टि हुई। लगभग आधा घंटा ओले गिरते रहे और घरों की छतों के अलावा सड़कें व खेत सफेद हो गए। इसके अलावा सहारनपुर व गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई और जिलों में आज सुबह भी बारिश हुई जो काफी देर तक जारी रही। इससे तापमान घटने सर्दी में इजाफा हो गया।

राजस्थान में भी हल्की ठंड बढ़ी, फिर बढ़ेगी गर्मी

आंधी-बारिश थमने के बाद तापमान घटने से राजस्थान में एक बार फिर हल्की ठंड बढ़ गई। शनिवार को राज्य में फिर से मौसम बदलेगा और तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले सप्ताह प्रदेश के कई इलाकों दिन के समय गर्मी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में आज से फिर तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

ये भी पढ़ें  : Haryana Weather Update: हरियाणा में बारिश के साथ गिरे ओले, गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान