Weather Update 28 July 2024: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में 4 लोगों की मौत

0
84
Weather Update 28 July 2024 देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में 4 लोगों की मौत
Weather Update 28 July 2024 : देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में 4 लोगों की मौत

Aaj Ka Mausam(आज समाज), नई दिल्ली: उत्तराखंड से लेकर गुजरात व महाराष्ट्र तक लगातार भारी बारिश का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अब भी देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में हाईवे बह जाने व भूस्खलन के कारण 4 लोगों की मौत हो गई।

इन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान और कर्नाटक में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने मध्य भारत में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

गुजरात-महाराष्ट्र : कई बस्तियां जलमग्न

गुजरात और महाराष्ट्र में कई बस्तियां जलमग्न हैं। गुजरात के नवसारी में 2,200 और तापी जिले में 500 लोग बाढ़ की चपेट में आ गए। इन 2,700 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोल्हापुर और राज्य के अन्य हिस्सों में बाढ़ की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन से चर्चा की और उन्हें मदद करने का निर्देश दिया। राज्य में पुणे सहित कई स्थानों पर स्थिति बेहद खराब है। शिंदे ने अधिकारियों को कर्नाटक अलमाटी बांध से छोड़े गए पानी से बिगड़े हालात पर कर्नाटक सरकार से समन्वय करने का भी निर्देश दिया।

उत्तराखंड: घर ढहा, मां बेटी की मौत, धर्मगंगा में मां-बेटी बहीं

उत्तराखंड में सोन गंगा नदी के उफान से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग का 100 मीटर हिस्सा बह गया। बिजली के पोल ध्वस्त हो गए। गढ़वाल क्षेत्र में भूस्खलन के मलबे से घर ढह गया, जिसमें दबने से मां-बेटी की मौत हो गई। इसके अलावा घनसाली में धर्मगंगा के उफान में मां-बेटी बह गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी डीएम को अलर्ट रहने और राहत व बचाव दलों के साथ समन्वय रखने का निर्देश दिया है।

हिमाचल में कल से मानसून के रफ्तार पकड़ने का अनुमान, अलर्ट

आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सोमवार से मानसून के रफ्तार पकड़ने का अनुमान है। राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में कल से दो अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार को राजधानी शिमला व धर्मशाला समेत कई जगह झमाझम बारिश हुई और भी भी कई जगह बारिश होने के आसार हैं।