- जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम में बदलाव
- हिमाचल में हल्की बारिश-बर्फबारी का अनुमान
IMD Alert, (आज समाज), नई दिल्ली: देश में इसी महीने के आखिर में गर्मी शुरू होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि इस महीने के अंतिम सप्ताह में टेंपरेचर इतना बढ़ गया होगा कि तपिश महसूस होने लगेगी। पहले अक्सर फरवरी के मध्य से लेकर अप्रैल शुरू होने तक न सर्दी ज्यादा होती थी न गर्मी, क्योंकि यह बसंत ऋतु होती है। आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र (IMD Director General Mrityunjay Mohapatra) के मुताबिक इस बार जनवरी इतिहास में तीसरा सबसे गर्म महीना रहा है और इसका कारण जलवायु परिवर्तन है।
जनवरी में इतना रहता है सामान्य औसत पारा
मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि जनवरी में सामान्य औसत पारा 18.04 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस दफा यह सामान्य से करीब 1 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में अभी से गर्मी बढ़ने लगी है। उत्तर भारत के भी मैदानी इलाकों में इस सप्ताह बदले मौसम से पहले, दिन में तेज गर्मी महसूस की जा रही थी। हालांकि इसके बाद पहाड़ों में बर्फ पड़ने के कारण चल रही ठंडी हवाओं से उत्तर भारत के पहाड़ों के साथ-साथ मैदानों में भी मौसम फिलहाल ठंडा है।
हरियाणा-पंजाब में भी बढ़ेगा तापमान
हरियाणा-पंजाब में भी आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। पंजाब के सभी इलाकों का तापमान 20 डिग्री पार कर गया है। शनिवार को राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की वृद्धि रही। यह सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
छत्तीसगढ़ में दिन में 2-4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में दिन में आने वाले चार दिन में तापमान में 2-4 डिग्री तक वृद्धि होगी। वहीं रात में पारा 1-3 डिग्री तक बढ़ेगा। बस्तर में गर्मी बढ़ रही है। जगदलपुर 33.8 डिग्री के साथ राज्य में सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहीं बलरामपुर 5.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। राजधानी रायपुर में तापमान स्थिर है।
एमपी में पहली दफा रात का पारा 5 डिग्री से नीचे
मध्यप्रदेश में रात का तापमान फरवरी में पहली बार 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में 3-4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। उज्जैन में पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया है।
राजस्थान में कुछ जगह 30 डिग्री तक पहुंचा पारा
राजस्थान में पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अब सुबह-शाम की सर्दी घटने का अनुमान है। उत्तर से आ रही हवा थमने और पश्चिमी हवाओं के चलने से तापमान बढ़ेगा। बीते कल यानी शनिवार को भी राजस्थान के कई शहरों में दिन के तापमान में 1-4 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा दर्ज किया गया। इस कारण कुछ जगहों पर तापमान 30 डिग्री पर दर्ज किया गया।
जनवरी में पहाड़ों में 80 फीसदी तक बर्फबारी कम
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में इस सप्ताह भी हिमपात तो हुआ है लेकिन औसतन पहाड़ों पर बर्फबारी कम हो गई है। जनवरी में पहाड़ों में 80 फीसदी तक बर्फबारी कम दर्ज की गई है। साथ ही बसंत के दिन भी कम हो रहे हैं। मनाली के सोलंग नाला में हुई ताजा बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए सैलानियों की भीड़ वहां पहुंच रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हिमाचल के 5 जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4 दिन तक हल्की बारिश व बर्फबारी होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और गुरेज में भी हाल ही में भारी बर्फबारी होने से ठंड तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather Update: हरियाणा में कम हुआ ठंड का प्रकोप, खिली धूप