- दक्षिण और पूर्वोत्तर के 13 राज्यों में आज आंधी व बारिश
- गुजरात के कुछ हिस्सों में 10 अप्रैल तक लू का अनुमान
Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में तेज गर्मी शुरू हो गई है और भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कई जगह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। फिलहाल ऐसे मौसम से राहत के कोई आसार नहीं हैं। आईएमडी के अनुसार, इस सप्ताह भारत के बड़े हिस्से में लू चलने की संभावना है। प्रभावित राज्यों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्से शामिल हैं। आज मध्यप्रदेश, राजस्थान व गुजरात सहित देश के 9 राज्यों में गर्मी के साथ लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के 13 राज्यों में आज आंधी-बारिश चलने की संभावना चताई गई है।
राजस्थान : इतने जिलों के लिए आज आरेंज येलो अलर्ट
आईएमडी अधिकारियों ने बताया है कि राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ज्यादा हो गया है।
बीते कल सोमवार को राज्य का बाड़मेर में तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। आज बाड़मेर में हीटवेव का रेल अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ राजस्थान में रातें भी गर्म होने लगी है। राज्य के छह जिलों के लिए आज आरेंज और 12 के लिए येलो अलर्ट जारी है।
दिल्ली में भी भीषण गर्मी का अलर्ट
दिल्ली में भी तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के कारण आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। ताजा बुलेटिन के अनुसार, मौसम विभाग ने आज और अगले कल यानी 9 अप्रैल को भी दिल्ली के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
सोमवार को इस मौसम की पहली हीटवेव दर्ज
मौसम विभगा ने इससे पहले दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट बढ़ा दिया था, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को इस मौसम की पहली हीटवेव दर्ज की गई थी, जिसमें अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रिज और आयानगर सहित अन्य मौसम स्टेशनों ने भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया, दोनों ने 41 डिग्री सेल्सियस को छू लिया। इसके अलावा, पालम और लोधी रोड स्टेशनों ने भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया।
येलो अलर्ट का मतलब
येलो अलर्ट का मतलब है ‘सावधान रहें।’ यह लोगों को गर्मी के लंबे समय तक संपर्क से बचने, हल्के रंग के, सांस लेने योग्य सूती कपड़े पहनने और अपने सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकने की सलाह देता है।
हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक लू की स्थिति
हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक लू की स्थिति रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल तक और मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल तक लू की स्थिति रहेगी। गुजरात के कुछ हिस्सों में 10 अप्रैल तक लू चल सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में 7 अप्रैल तक भीषण लू चल सकती है। राजस्थान में 7 से 10 अप्रैल तक लू और भीषण लू दोनों की स्थिति रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather Update: हरियाणा में लू का यलो अलर्ट जारी