Weather Report 27 July: बारिश व बाढ़ से बेहाल महाराष्ट्र-गुजरात, देश के कई राज्यों में अभी नहीं राहत के आसार

0
135
Weather Report 27 July बारिश व बाढ़ से बेहाल महाराष्ट्र -गुजरात, देश के कई राज्यों में अभी नहीं राहत के आसार
Weather Report 27 July : बारिश व बाढ़ से बेहाल महाराष्ट्र -गुजरात, देश के कई राज्यों में अभी नहीं राहत के आसार

Weather 27 July Update, (आज समाज), नई दिल्ली: महाराष्ट्र और गुजरात के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तरांखड सहित देश के कई राज्यों में बारिश लगातार आफत बनी हुई है। कई जगहों पर हालात गंभीर हैं और फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं। भारी बारिश के बीच महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित शाहबाज में आज सुबह एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में तीन लोग मलबे में दब गए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो को बचा लिया गया।

उत्तराखंड : देहरादून जिले में आज स्कूल बंद, नदी में गिरीं दुकानें

उत्तराखंड में भी भारी बारिश कहर बनी हुई है। देहरादून जिले में भारी बारिश की संभावना के चलते आज 1 से 12वीं तक स्कूल व आंगनवाड़ी केंद्र आज बंद रखे गए। 26 जुलाई की रात यमुना में आई बाढ़ के बाद यमुनोत्री धाम के हालात खराब हो गए हैं। मंदिर, पार्किंग और रसोई जैसी जगहों पर बड़े-बड़े बोल्डर से नुकसान पहुंचा है। मंदिर के दोनों गर्मकुंडों में मलबा भर गया है। कार्यालय व रसोई भी टूट गई है। साथ ही मंदिर तक जाने वाला पैदल पुल भी बह गया है। टिहरी के घनसाली में दुकानें ही बालगंगा नदी में गिर गईं।

गुजरात : कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

गुजरात के भी कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। नवसारी जिले से गुजरने वाली पूर्णा नदी आज खतरे के निशान (23 फीट) से 5 फीट ऊपर बह रही है। इसके अतिरिक्त पानी के कारण शहर का 30 प्रतिशत हिस्सा पानी में डूब गया है। प्रशासन ने 2700 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

नवसारी में 26 जुलाई को सामान्य से 438 प्रतिशत ज्यादा बारिश

नवसारी में 26 जुलाई को सामान्य से 438 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। एनडीआरएफ ने नवसारी की मिथिला नगरी से 30 लोगों को बचाया। गुजरात के सूरत में 26 जुलाई को सामान्य से 84% ज्यादा बारिश हुई। यहां ताप्ती नदी में बाढ़ जैसे हालात हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी शुक्रवार को सामान्य से 54 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। यूपी के मेरठ में 26 जुलाई को सामान्य से 81 फीसदी कम बारिश हुई। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को काफी बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया। उधर कर्नाटक के चिकमगलूर में 26 जुलाई को सामान्य से 328 फीसदी ज्यादा बारिश हुई।

कल के लिए इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और इंटीरियर कर्नाटक में भारी बारिश (7 सेमी तक) का अलर्ट है। वहीं पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा और गुजरात में भी भारी से बहुत भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) की चेतावनी दी गई है।

पंजाब : बारिश न होने के चलते तापमान 40 डिग्री पार

पंजाब में बारिश न होने के कारण तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा यानी 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। राज्य के कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, और लुधियाना में बारिश का अलर्ट जारी है। हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में 25 से 50 फीसदी तक बारिश की संभावना बनी हुई है।