Weather: जम्मू-कश्मीर व हिमाचल से दिल्ली तक फिर बारिश-बर्फबारी, अभी नहीं राहत के आसार, एमपी-छत्तीसगढ़ गर्मी बन रही आफत

0
28
Weather
Weather: जम्मू-कश्मीर व हिमाचल से दिल्ली तक फिर बारिश-बर्फबारी, अभी नहीं राहत के आसार, एमपी-छत्तीसगढ़ गर्मी बन रही आफत
  • छत्तीसगढ़ में अधिकतम पारा 40 पार 
  • एमपी के 5 सिटी में उज्जैन सबसे गर्म

Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक एक बार फिर बारिश व बर्फबारी होने से मौसम सुहावना हो गया है। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के अलावा घाटी के बारामूला में आज सुबह भी बारिश और बर्फबारी हुई। वहीं हिमाचल की राजधानी शिमला समेत राज्य के पहाड़ी इलाकों में बारिश से फिर ठंडक बढ़ गई है। तीनों पहाड़ी राज्यों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को बारिश और ओले भी  गिरे। गाजियाबाद, नोएडा व मथुरा में भी बारिश हुई है।

ये भी पढ़ें : Weather Updates: हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, बारिश-बर्फबारी का अनुमान

हिमाचल में चार दिन तक खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम खराब हो रहा है और हिमाचल में फिलहाल खराब मौसम से राहत के आसार नहीं है। मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि एक हफ्ते में कम से कम दो पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजरेंगे। सोमवार तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। राज्य के 7 जिलों में दो दिन तक भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।

18 से 20 मार्च तक मौसम साफ रहने के आसार

आज और कल अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। कुल्लू और जनजातीय लाहौल-स्पीति जिलो में शुक्रवार शाम से मौसम ने करवट ली है। कुल्लू में भारी बारिश और लाहौल स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिसो घाटी में फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। 18 से 20 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।

हरियाणा और पंजाब का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के कई जिलों में 2 दिन से बारिश व ओलावृष्टि हो रही है। हिसार के हांसी में शुक्रवार देर रात बारिश के साथ ओले भी गिरे। फसल को इससे काफी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के चलते अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। आज भी सूबे के ज्यादातर इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। पंजाब में भी मौसम बिगड़ा हुआ है। 9 मार्च से एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में ये बदलाव हुआ है।

छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव एमपी का उज्जैन सबसे गर्म

छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में मार्च में ही गर्मी तेवर दिखा रही है। छत्तीसगढ़ राजनांदगांव शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। यहां अधिकतम पारा 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बीते कल राजधानी रायपुर और बिलासपुर में भी लू की स्थिति रही। यहां भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा। मध्य प्रदेश के 5 बड़े सिटी में उज्जैन सबसे गर्म दर्ज किया गया। यहां शुक्रवार को दिन का तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल के अलावा जबलपुर और इंदौर में अधिकतम पारा 37 डिग्री के पार है। फिलहाल दोनों राज्यों में मौसम ऐसा ही रहेगा।

राजस्थान के 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट 

राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित राज्य के 12 जिलों में आज भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी है। पश्चिमी भारत में अगले 4-5 दिन में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है जबकि, छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में अगले 3 दिन में अधिकतम तापमान घट सकता है। झारखंड, ओडिशा, बिहार व बंगाल समेत पूर्वी भारत में दिन के तापमान कम से कम 5 डिग्री तक बढ़ोत्तरी की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Himachal Weather: भारी बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति में सड़कें बंद, वाहनों व घरों पर बिछी बर्फ की मोटी चादर