Weather: उत्तर भारत के पहाड़ों में बारिश व बर्फबारी जारी, हिमाचल में सैकड़ों सड़कें बंद, कश्मीर में भी बर्फबारी से यातायात बाधित

0
40
Weather
Weather: उत्तर भारत के पहाड़ों में बारिश व बर्फबारी जारी, हिमाचल में सैकड़ों सड़कें बंद, कश्मीर में भी बर्फबारी से यातायात बाधित
  • हिमस्खलन की भी संभावना, स्कूल बंद

Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी जारी है, वहीं मैदानी राज्य, पंजाब, हरियाणा दिल्ली व उत्तर प्रदेश में अधिकतर जगहों पर बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार फिलहाल ऐसे मौसम से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हिमाचल के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में तेज बारिश के कारण 150 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। लाहौल-स्पीति में डेढ़ फीट से ज्यादा हिमपात हुआ है जिसके चलते 90 प्रतिशत गांवों में बिजली ठप हो गई है।

लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात, बिजली ठप

अटल टनल रोहतांग बंद हो गई है और इसके कारण लाहौल का मनाली से संपर्क टूट गया है। आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी को देखते हुए हिमस्खलन की भी संभावना है और एहतियातन लाहौल-स्पीति प्रशासन ने जिले में आज सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। मनाली-केलांग मार्ग के बीच धुंधी इलाके में हिमखंड गिरा है। चंबा जिले में 45 सड़कों पर यातायात बाधित है। पांगी में भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। चंबा जिले में भी जगह-जगह बिजली की लाइन टूट गई हैं। ट्रांसफार्मर बंद होने के कारण 165 गांवों में बिजली ठंप है। लोग अपने घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं।

5 मार्च के बाद मौसम खुलने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार हिमाचल में लगातार 5 मार्च तक बारिश व बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है। ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश व हिमपात और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश व बर्फबारी का आॅरेंज अलर्ट है। राजधानी शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी व लाहौल-स्पीति में अब भी भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना है। कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि  5 मार्च के बाद मौसम खुलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य में सर्दी के सीजन में सामान्य से 61 फीसदी कम बारिश हुई है। फरवरी में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

जम्मू-कश्मीर : फिसलन के कारण यातायात बंद

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद मुगल रोड और जोजिला पास सहित अन्य कई मार्गों पर फिसलन बढ़ने के बाद एहतियातन यातायात बंद किया गया है। गुलमर्ग में गंडोला सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। कश्मीर के तकरीबन सभी जिलों में आपात नियंत्रण कक्ष सक्रिय किए गए हैं। बता दें कि प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार के बाद बुधवार को भी भारी बारिश और हिमपात हुआ है। श्रीनगर मौसम विभाग ने कहा है कि अभी प्रदेश में बारिश व हिमपात से राहत के आसार नहीं हैं। कुछ इलाकों में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है। अधिकारियों ने चेताया है कि इससे भूस्खलन भी हो सकता है।

गुलमर्ग, पहलगाम में पर्यटकों की रौनक लौटी

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग व पहलगाम आदि में ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की रौनक लौटी है। नौगाम सेक्टर व पीर पंजाल की पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ है। पहलगाम में अधिकतम तापमान 6.5 दर्ज किया गया है। वहीं गुलमर्ग में पारा 4.0 डिग्री रहा। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0 दर्ज किया गया है। गुलमर्ग में पारा माइनस 2.5 डिग्री दर्ज किया गया है। जम्मू में कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई है।

कुपवाड़ा और गांदरबल में भी हिमस्खलन की चेतावनी

गुलमर्ग के टूरिस्ट गाइड मोहम्मद सुभान ने कहा कि एक बार फिर गुलमर्ग घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। यहां इससे पर्यटक बढ़े हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री गिरकर 6.6 और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कुपवाड़ा और गांदरबल के पहाड़ी क्षेत्रों में भी हिमस्खलन की चेतावनी जारी है। पर्यटकों और लोकल लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।

उत्तराखंड में 4 दिन तक बारिश-बर्फबारी की चेतावनी

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है, वहीं पहाड़ियां बर्फ से लद गई हैं। प्रदेश मौसम विभाग ने राज्य में 4 दिन तक बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसके कारण तापमान में गिरावट आएगी और फिर कड़ाके की ठंड हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि एक मार्च तक प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम तेजी से बदल सकता है। बद्रीनाथ हाईवे पर बर्फ जम गई है। बीआरओ बर्फ हटाने में जुटा है।

ये भी पढ़ें : Haryana Weather Update: हरियाणा में आज बारिश का अलर्ट