आज समाज, नई दिल्ली: Weather News: मौसम का मिजाज बहुत तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में बेमौसम बारिश के कारण लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास फिर से होने लगा है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और असम के कई इलाकों में बारिश के कारण लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।
वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। 26 फरवरी को एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हुई।हिमालयी इलाकों में एक बार फिर मौसम खराब होने की आशंका है।
यहां गरज के साथ भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। इस बीच, देश के कुछ इलाकों में भारी बारिश और गरज के साथ बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने आज (3 मार्च) कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, आज हिमाचल प्रदेश में आंधी और भारी बारिश की संभावना है। पंजाब में ओलावृष्टि की भी आशंका है। इसके लिए कई इलाकों में येलो अलर्ट और कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में बारिश का येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड के मौसम की बात करें तो यहां भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड समेत पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज यानी सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 30 के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।