मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में जताई बूंदाबांदी की संभावना
(आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली। एक पश्चिमि विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने आज बादलवाई और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं इससे पहले गत देर शाम महेंद्रगढ़ के नारनौल क्षेत्र के कई गांव में ओलावृष्टि हुई।
मौसम विभाग के अनुसार बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ एरिया में बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक मदनलाल खिचाड़ ने बताया कि इस दौरान उत्तरी और उत्तर पश्चिमी हवाएं होंगी, जो पहाड़ों की तरफ से चलेंगी। जिससे 3-4 डिग्री तापमान में गिरावट की संभावना है। वहीं 14 अप्रैल के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी।
हिसार रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला हिसार रहा। जहां का तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। साथ ही प्रदेश का तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।