आज समाज, नई दिल्ली: Weather Alert : कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है। आज यानी 21 मार्च को देश के कई बड़े हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं और आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो मार्च से ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दिन में लोगों को काफी गर्मी महसूस हो रही है। जैसे-जैसे मार्च का महीना खत्म हो रहा है, कई हिस्सों में तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार दोपहर को वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत करीब 8 जिलों में बारिश दर्ज की गई है। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। अगले 48 घंटों के दौरान राज्य में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके साथ ही 21 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। आज यानी शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया।मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इसके साथ ही जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जालौन समेत कई जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की संभावना है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शाम तक उत्तर-पश्चिम दिशा से सतही हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राज्यों में बारिश को देखते हुए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर राज्यों और कर्नाटक में भी हल्की बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। आज पश्चिम बंगाल, झारखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।