Weather 23 July 2024: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान, महाराष्ट्र सहित अन्य कई राज्यों में भारी तबाही

0
401
Weather 23 July 2024 हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान, महाराष्ट्र सहित अन्य कई राज्यों में भारी तबाही
Weather 23 July 2024 : हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान, महाराष्ट्र सहित अन्य कई राज्यों में भारी तबाही

Aaj Ka Mausam, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश के साथ ही भूस्खलन का सिलसिला जारी है और अब भी दोनों राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने हिमाचल के ज्यादातर क्षेत्रों में 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज के लिए चंबा, कांगड़ा व मंडी के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ आने की चेतावनी भी है। मौसम विभाग ने सिन्धु-गंगा के मैदानी इलाके में अगले 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है। तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है और वहां सोमवार को स्कूलों बंद करना पड़ा।

  • हिमाचल के ज्यादातर क्षेत्रों में 26 तक अलर्ट

मंडी से पंडोह तक गिर रहीं चट्टानें

हिमाचल की राजधानी शिमला के अलावा धर्मशाला और बिलासपुर में रविवार रात और सोमवार सुबह  भारी बारिश हुई है। मंडी में चंडीगढ़-मनाली एनएच 3 घंटे बंद रहा है। प्रदेश में 14 सड़कें और 31 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। मंडी से पंडोह तक दोबारा चट्टानें गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है।

उत्तराखंड : केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को किया सतर्क

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिन में भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदरानाथ जाने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा के समय अत्यधिक सावधान रहने को कहा है। मौसम की सही जानकारी लेने के बाद ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा, गौरीकुंड और लिंचोली में पहाड़ी से चट्टानें और मलबा गिरने का खतरा बताया है।

बारिश व बाढ़ से इन राज्यों में भारी तबाही

मौसम विज्ञानियों ने बािया है कि मानसूनी बारिश ने महाराष्टÑ, गुजरात और तमिलनाडु में भारी तबाही मचाई है। मुंबई और सूरत में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। विदर्भ क्षेत्र में 740 घरों को नुकसान पहुंचा है और 100 ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। नागपुर और चंद्रपुर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

मूसलाधार बारिश के चलते चंद्रपुर के इराई बांध का जल स्तर एक मीटर से भी अधिक बढ़ गया, जिसके चलते उसके सात गेट खोलने पड़े। इसके परिणामस्वरूप चंद्रपुर के कई गांवों में पानी भर गया। 33 सड़कों पर पानी भर गया है और भंडारा जिले में पानी में घिरे 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मौसम विभाग ने नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर और अमरावती में अगले दो से पांच दिन अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी है।

मुंबई के कई इलाके जलमग्न

मुंबई में बीते 24 घंटे के दौरान 200 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। उपनगरों में भी पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते सुबह के समय कल्याण और ठाकुरली के बीच कुछ समय के लिए लोकल ट्रेन सेवा भी बाधित रही। किसी भी हालात से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीन टीमें मुंबई में तैनात की गई हैं।