Aaj Samaj (आज समाज), Weather 18 June Update, नई दिल्ली: देश के कुछ राज्यों में बारिश और अरब सागर से उठे चक्रवात बिपरजॉय के कारण आम जनजीवन बुरी तरह बाधित हो गया है, वहीं उत्तर प्रदेश व बिहार जैसे राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बिपरजॉय गुजरात के बाद अब राजस्थान में कहर बरपा रहा है। इसके असर से भारी बारिश के चलते राज्य के बाड़मेर, सिरोही, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, पाली, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

इन जिलों के कुछ इलाकों में अब तक 10 से लेकर 13 इंच (एक फुट) तक बरसात हो चुकी है। जालोर जिले के सांचौर में सुरावा बांध टूटने से कई इलाके डूब गए हैं। बांध टूटने से नर्मदा लिफ्ट कैनाल में पानी बढ़ने से वह भी टूट गई है। अब सबसे ज्यादा खतरा सांचौर शहर पर मंडरा रहा है। शनिवार रात बांध टूटने की जानकारी मिलते ही पूरे शहर को खाली कराने की कोशिश की जा रही है।

  • बिहार के कई जिलों में 12वीं तक स्कूल और आंगनबाड़ी 24 तक बंद

गर्मी से यूपी में 54 बिहार में 44 लोगों की मौत, अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश व बिहार में तीन दिन में हीटवेव यानी लू से 98 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में से बिहार से 44 और यूपी से 54 लोग शामिल हैं। बिहार में तापमान 44 डिग्री के आसपास है। मौसम विभाग ने बिहार के छह जिलों में रेड, आठ जिलों में आरेंज और चार जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं। बलिया जिले में 15, 16 और 17 जून को बुखार व सांस लेने में तकलीफ से ग्रस्त 400 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें अधिकतर की उम्र 60 साल से ज्यादा है। बिपरजॉय के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन अभी दो दिन गर्मी सताएगी।

 

छत्तीसगढ़ में मानसून लेट, गर्मी बढ़ी

छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 10 से 15 जून तक मानसून पहुंच जाता है और मानसून आने से दो-तीन दिन पहले प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाती है। इसलिए जून में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं की जाती। इस वर्ष मानसून लेट हुआ ही है और गर्मी भी तेज पड़ने लगी है।

असम : ब्रह्मपुत्र नदी का पानी बढ़ा, 13 जिले प्रभावित

पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में आज भी बारिश हो रही है। असम में के 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। अकेले लखीमपुर जिले में 25,275 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि डिब्रूगढ़ में 3857 लोग, बिश्वनाथ जिले में 3631 लोग प्रभावित हुए। वहीं शनिवार को गुवाहाटी के धीरेनपारा इलाके में लैंड स्लाइड में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सिक्किम के तीन जिलों में बारिश हुई है। राज्य के चुंगथांग में शुक्रवार को लैंडस्लाइड के कारण नेशनल हाईवे बह गया। इस वजह से यहां 3500 पर्यटक फंस गए, जिन्हें सेना ने बचाया है।

यह भी पढ़ें :  

Connect With Us: Twitter Facebook