छोटी से लापरवाही से चली गई 11 से ज्यादा लोगों की जान

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद क्षेत्र में इमारत गिरने से मरने वाले लोगों की संख्या 11 तक पहुंच चुकी है अभी भी यह संभावना जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कई लोग दबे हो सकते हैं इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2.45 पर हुआ। शनिवार सुबह से ही बचाव दल मलबा हटा रहे हैं। यह अभियान अभी भी जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया है।

यह बोले पड़ोसी

पिछले कई दिनों से हाजी तहसीन के मकान की ग्राउंड फ्लोर पर काम चल रहा था। दरअसल तहसीन वहां मीट की दुकान तैयार करवा रहे थे। इसके लिए कागजी कार्रवाई भी हो चुकी थी। दुकान को बड़ा करने के चक्कर में हाजी तहसीन ने बीच के पार्टीशन को निकाल दिया था। एक पड़ोसी सलीम ने बताया कि हाजी तहसीन ने मकान में कॉलम और पिलर नामचारे के लिए ही डाले थे। ऐसे में ग्राउंड फ्लोर पर की गई छेडछाड़ की वजह से मकान गिर गया। वहीं कुछ लोग एमसीडी की नाली का पानी इनकी बुनियाद में जाने को मकान के गिरने की मुख्य वजह बता रहे थे। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

रात 11 बजे खतरे को किया नजरअंदाज

शुक्रवार को भी वहां काम हुआ। स्थानीय लोगों का दावा है कि रात करीब 11 बजे अचानक मकान को एक झटका लगा था। बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को लगा कि शायद भूकंप का झटका है, लेकिन इसे मन का वहम मानकर लोगों ने नजरअंदाज कर दिया। इसके चंद ही घंटे बाद पूरी की पूरी इमारत जमींदोज हो गई। लोगों का कहना था कि इस पर ध्यान दिया होता तो शायद यह हादसा न होता। पड़ोसी सोहराब ने बताया कि रात 11 बजे उनका बेटा इमारत के पास मौजूद था। इस बीच इमारत हल्की से खिसकी। बिल्डिंग में रहने वाले बेटे के दोस्त ने इसका जिक्र भी किया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया।