मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने किया भलस्वा लैंडफिल झील का दौरा
Delhi CM News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को भलस्वा लैंडफिल साइट पर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। कूड़ा मुक्त की गई करीब पांच एकड़ भूमि पर लगभग दो हजार बांस (बैंबू) के पौधे लगाए गए हैं। अगले एक-डेढ़ माह में यहां 54 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदूषण मुक्त व सुंदर दिल्ली बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करेंगे, आज यह पहला कदम है।दिल्ली को साफ व सुंदर बनाने का मिशन है, सरकार मिशन मोड पर काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार, डबल रफ्तार से काम करेगी। लैंडफिल साइट को ग्रीन लैंड में विकसित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, पिछले सरकारें पहाड़ के बारे में बातें बहुत करती रहीं, लेकिन पहाड़ का सिरा भी नहीं पकड़ पाईं। उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री के साथ-साथ मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा व सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया और बांस का पौधा रोपकर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की।
पौधरोपण करके नई शुरुआत की : सक्सेना
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, पिछले दो वर्षों में मेहनत करके यहां जमीन को खाली कराया गया है, यहां पौधारोपण कर आज एक नई शुरूआत की है। बांस का पेड़ सबसे ज्यादा आॅक्सीजन देने वाला पेड़ है। बांस 30 प्रतिशत ज्यादा आॅक्सीजन देता है। उन्होंने कहा कि इस पेड़ को कम पानी की जरूरत होती है और ज्यादा बढ़ता है। सालभर में 20-25 फीट ऊंचाई ले लेगा।
हाईवे से गुजरने वालों को कूड़े के पहाड़ के बजाय हरियाली (ग्रीन पेच) नजर आएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का वादा है। उन्होंने कहा कि मासिक आधार पर कार्य की समीक्षा की जाएगी। तीनों साइट का निरीक्षण होगा। सालभर मे पहाड़ की ऊंचाई कम होगी, इस ग्रीन लैंड के तौर पर विकसित किया जाएगा।दिल्ली को साफ व सुंदर बनाना हमारा मिशन है। इस अवसर पर बादली से विधायक दीपक चैधरी, निगम पार्षद गायत्री यादव, मुख्य सचिव धर्मेंद्र, दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्वनी कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन से हथियार बरामद
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की निर्णायक जंग