Punjab Breaking News : हम आपको भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे : सीएम

0
71
Punjab Breaking News : हम आपको भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे : सीएम
Punjab Breaking News : हम आपको भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे : सीएम

मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों से कहा, मैं आपको भ्रष्टाचार मुक्त शासन का भरोसा देता हूं, आप मुझे 100 प्रतिशत गुणवत्ता का आश्वासन दें

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : टैगोर थिएटर में ‘सड़क ढांचा विकास मिलनी’ के दौरान संबोधन करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाली सड़कों के निर्माण को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 64,878 किलोमीटर लिंक सड़कें हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 18,944 किलोमीटर लिंक सड़कों के नवीनीकरण और उन्नयन की परियोजना शुरू की जा रही है, जिस पर 3,459.95 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस मिलनी का मुख्य उद्देश्य लोगों, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करना है, क्योंकि ये लिंक सड़कें लोगों की जीवन रेखा मानी जाती हैं।

अच्छी सड़कें प्रदेश के विकास के लिए अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लिंक सड़कें प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, क्योंकि ये सड़कें जहां ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मदद करती हैं, वहीं व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देती हैं। भगवंत सिंह मान ने बताया कि इनमें से कई सड़कें ऐसी हैं, जो छह साल का निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद नहीं बन पाई थी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण करने वाली कंपनी या ठेकेदार अगले पांच साल तक इन सड़कों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार होंगे। पिछले समय में सड़क निर्माण में फैले भ्रष्टाचार पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रथा पूरी तरह अनुचित थी। उन्होंने कहा कि पहले सड़क निर्माण के टेंडर में ऊपर से लेकर नीचे तक ‘हिस्सेदारी’ होती थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसी खराब स्थिति में ठेकेदारों को मजबूरन सड़कों की गुणवत्ता से समझौता करना पड़ता था।

हमें जमीनी स्तर पर हर चीज का ज्ञान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह भ्रष्ट प्रथा खत्म हो गई है, इसलिए ठेकेदारों को निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता पर पूरा ध्यान देना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा, “मुझसे पहले सत्ताधारियों ने लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया, क्योंकि वे केवल अपने रिश्तेदारों की बात सुनते थे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जमीनी स्तर का पूरा ज्ञान है। उन्होंने घोषणा की कि मंडी बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और ठेकेदारों के बीच एक समन्वय कमेटी बनाई जाएगी, ताकि सड़क निर्माण में सभी मुद्दों का समाधान किया जा सके।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : प्रदेश के लोगों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी : मान

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : अमृतसर सीआई ने पांच पिस्तौल सहित तस्कर किया काबू